सम्पूर्ण विश्व के समक्ष मिसाल है राजीव गांधी ओलंपिक खेल — रेहाना रियाज

0
753

चूरू । राजस्थान राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज चिश्ती ने कहा है कि राजीव गांधी ओलंपिक खेल सम्पूर्ण विश्व के समक्ष मिसाल हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बहुत ही दूरगामी सोच के साथ इन खेलों की शुरुआत की है। सम्पूर्ण प्रदेश में राजीव गांधी ओलंपिक खेलों का महाकुंभ चल रहा है और इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।अध्यक्ष रियाज शुक्रवार को जिला खेल स्टेडियम में राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि खेल हमें किसी भी प्रकार के भटकाव से दूर रखते हैं। सोशल मीडिया की लत हो चाहे नशे की प्रवृत्ति, खेल खिलाड़ियों को इनसे बचाकर स्वस्थ रखते हैं।
उन्होंने कहा कि हैल्दी कॉम्पिटिशन सदैव अच्छा रहता है। विद्यार्थी हों चाहे खिलाड़ी, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा ही उसकी असल पहचान बनती है। आज हमारे खिलाड़ी पूरे विश्व में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। हाल ही में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा एवं शतरंज में ग्रैंडमास्टर रमेश बाबू प्रज्ञानंद की जीत की खुशी पूरा देश मना रहा है।

रियाज ने कहा कि नीरज के स्वर्ण पदक जीतने पर उनकी मां का वक्तव्य स्वस्थ कॉम्पिटिशन की अवधारणा ही प्रस्तुत करता है। इसी खेल भावना से ही खिलाड़ियों का सम्मान होता है। उन्होंनेे शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ी कामयाबी हासिल करें। कोशिश करें कि किसी दिन आप भी अपनी काबिलियत से भारत का प्रतिनिधित्व करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने कहा कि जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से राज्य स्तर पर स्वयं और जिले का नाम रोशन करेंगे। सभी खिलाड़ी कड़े मुकाबले से निकलकर जिला स्तर पर पहुंचे हैं। राजीव गांधी ओलंपिक खेलों में 1 लाख 76 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें से 1837 खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि गत वर्ष आयोजित खेलों में चूरू जिले के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की बदौलत चूरू राजस्थान में टॉप थ्री जिलों में रहा था। आज भी खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा है। खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले के खिलाड़ियो के उत्कृष्ट प्रदर्शन से चूरू इस बार पहले पायदान पर होगा।

सीईओ पीआर मीणा ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता के प्रतिभागी खिलाड़ी ग्राम पंचायत, कलस्टर, नगरपालिका और ब्लॉक स्तर पर जीतकर आए हैं। इस प्रतियोगिता में 254 टीमों के 1837 खिलाड़ी भाग लेंगे। राज्य सरकार द्वारा यह अपने आप में अनूठा आयोजन है जिसने विश्व कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यह खेल खिलाड़ियों के शारीरीक व मानसिक विकास के साथ छिपी हुई प्रतिभाओं को तराशने और प्रशिक्षित करने का काम करेंगे। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी जगबीर सिंह यादव ने आयोजकीय रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस दौरान पूर्व प्रधान रणजीत सातड़ा, सीईओ पीआर मीणा, डीईओ प्रारंभिक संतोष महर्षि, सहायक निदेशक जनसंपर्क कुमार अजय, खेल अधिकारी सीताराम प्रजापत, उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) रामूराम बुंदेला, एसीबीईओ खालिद तुगलक आदि भी मंचस्थ रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
राजकीय गोइन्का उमावि प्रधानाचार्य कासम अली, राजकीय बागला उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रधानाचार्य महेश सोनी, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक रामसिंह सिहाग, एनएसएस प्रभारी रमेश बेनिवाल, शारीरिक शिक्षक सुधीर सहारण एवं वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक राजेन्द्र पूनियां ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर एवं माला पहनाकर स्वागत किया। राजकीय गल्र्स बागला उमावि की छाात्राओं उषा एंड पार्टी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संचालन व्याख्याता रमेश कुमार ने किया।इस दौरान जसवंत पूनियां, मुकेश शर्मा, सहायक विकास अधिकारी प्रेमसिंह चौहान, व्याख्याता ओमप्रकाश सिहाग, मोहरसिंह नेहरा सहित अन्य उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण और मार्चपास्ट सलामी के साथ शुभारम्भ

राजस्थान राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज, जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग, पूर्व प्रधान रणजीत सातड़ा, सीईओ पीआर मीणा सहित अतिथियों ने ध्वजारोहण कर व मार्च पास्ट की सलामी लेकर प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ किया। आयोग अध्यक्ष रियाज ने प्रतियोगिताओं के विधिवत शुभारम्भ की घोषणा की।

सीईओ मीणा ने किया मैच का शुभारम्भ

इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ पीआर मीणा ने बॉल से सर्विस कर वॉलीबॉल के मैच का शुभारम्भ किया। इससे पूर्व उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय लेकर उनकी हौसला- अफजाई की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here