Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ गुरुनानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व पर टाउन-जंक्शन गुरुद्वारों में सजे...

गुरुनानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व पर टाउन-जंक्शन गुरुद्वारों में सजे विशेष दीवान

हनुमानगढ़ टाउन और जंक्शन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम

अखंड पाठ के भोग, गुरबाणी कीर्तन व कथा से संगत हुई निहाल, रक्तदान शिविर और अटूट लंगर का आयोजन

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
श्री गुरुनानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में हनुमानगढ़ टाउन व जंक्शन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ पर्व मनाया गया। दोनों गुरुद्वारों में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति के लिए अरदास की गई। इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेका और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया।

विशेष दीवान में गुरबाणी कीर्तन, कथा वाचन और गुरु महिमा के गायन से पूरा वातावरण नानकमय हो गया। गुरुद्वारा प्रबंध समिति के प्रधान नक्षत्र सिंह व टाऊन गुरूद्वारा मुख सेवादार जगजीत सिंह टोनी ने बताया कि गुरुपर्व के अवसर पर सुबह 10 बजे अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद विशेष खुले दीवान सजाए गए। जंक्शन के हैडग्रंथी भाई गुरमेल सिंह तथा टाउन के हैडग्रंथी भाई जुगनू सिंह ने अरदास कर क्षेत्र में सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।

इसके बाद गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। खुले दीवान में बाहर से पहुंचे रागी जत्थों व स्थानीय हजूरी जत्थों ने गुरबाणी की मधुर धुनों से संगत को भावविभोर किया। जंक्शन के रागी हजूरी जत्था भाई गुरप्रीत सिंह तथा टाउन के हजूरी जत्था भाई गुरचरण सिंह ने शबद कीर्तन के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान किया। कथा वाचक भाई दिलीप सिंह रायसिंगनगर वाले ने गुरु नानक देव जी के जीवन, शिक्षाओं और उनके समाज सुधार संबंधी विचारों पर प्रकाश डालते हुए संगत को धर्म, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया।

वहीं ढाडी जत्था भाई रिछपाल सिंह मालेवाले ने वीर रस और धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से गुरु इतिहास का वर्णन किया। कीर्तन के दौरान ‘‘ तेरे गुण गांवां ‘‘ ‘‘ कल तारण गुर नानक आया‘‘ सहित अनेक शबदों का गायन किया गया। सुखमणी साहिब सेवा सोसायटी की महिला सदस्यों ने गुरु नानक देव जी की चार उदासियों तथा उनके द्वारा मानवता को दिए गए संदेशों के बारे में संगत को जानकारी दी।

‘‘ सतगुर नानक परगट्या, मिट्टी धुंध जग चानन होआ ‘‘…., ‘‘ चिम चिम वरसे अमृत धार, गुर नानक ने लिया अवतार‘‘—-, ‘‘ विच ननकाणे ते आया है नानकी दा वीर‘‘…., गुर नानक की वडिआई तथा सबते वड्डा सतगुरु नानक जिन कल राखी मेरी…. जैसे शबदों के गायन से दीवान में श्रद्धा का माहौल बना रहा। महिला सदस्यों ने बताया कि गुरु नानक देव जी ने अपनी चार उदासियों के माध्यम से समाज में व्याप्त अज्ञानता, रूढ़ियों और भेदभाव को दूर करने का प्रयास किया।

उन्होंने जात-पात का विरोध करते हुए सभी मनुष्यों को समान बताया तथा प्रेम, भाईचारे और एकता के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी। गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं में ‘‘ कीरत करो, वंड छको …. का संदेश विशेष महत्व रखता है। ईमानदारी से मेहनत करने, अपनी कमाई में से दूसरों के साथ बांटने तथा बिना भेदभाव सभी के साथ मिलकर भोजन करने की भावना को गुरु जी ने जीवन का आधार बताया।

इसी भावना के अनुरूप गुरुद्वारों में लंगर की परंपरा समाज में समानता और सेवा का प्रतीक बनी हुई है।प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा टाउन में विशेष रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें साध संगत ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। आयोजन के दौरान गुरु का लंगर अटूट बरता गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने सेवा करते हुए सभी को प्रसाद और भोजन वितरित किया।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में गुरुद्वारा टाउन के मुखसेवादार जगजीत सिंह टोनी, प्रधान नक्षत्र सिंह, उपप्रधान बूटा सिंह, सचिव कर्मजीत सिंह, कोषाध्यक्ष इंद्रसिंह मक्कासर, प्रेम सिंह कमरानी, बलकरण सिंह गिल, गुरुद्वारा मैनेजर राजेंद्र सिंह फौजी, टाउन मैनेजर हरमेल सिंह सिंधू, सुलखन सिंह, नरेश कोचर, भगत सिंह, प्यारा सिंह, दरबारा सिंह, गुरविंद्र सिंह खिंडा, कश्मीरा सिंह, गुरपाल सिंह, प्रेम सिंह, रेशम सिंह मानूका, दयाल सिंह, कर्मजीत सिंह सिंधू, महंगा सिंह ढिल्लो सहित सुखमणी साहिब सेवा सोसायटी के सदस्यों ने सहयोग दिया। गुरुपर्व के आयोजन ने श्रद्धालुओं को गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे के संदेश को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

Advertisement