रेलवे स्टेशन पर स्वागत, गांव में निकाली विजय रैली; राष्ट्रीय स्तर पर लगातार पदक जीतकर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
गांव रोडावाली की प्रतिभाशाली एथलीट आरती राव ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। मंगलौर यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में आरती ने अलवास महाविद्यालय मंगलौर की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। आरती की इस सफलता से गांव रोडावाली सहित हनुमानगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और खेल प्रेमियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
आरती की उपलब्धि का सिलसिला लगातार जारी है। इससे पूर्व गत माह जयपुर में आयोजित अंडर-23 राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी आरती ने 10 किलोमीटर दौड़ में रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। लगातार राष्ट्रीय और अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर आरती ने लंबी दूरी की दौड़ में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
अखिल भारतीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरती राव एवं उनके कोच सुनील सामरिया का गांव रोडावाली के ग्रामीणों तथा बाबा सोमनाथ स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों ने आरती को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उसकी उपलब्धि पर बधाई दी।
रेलवे स्टेशन से स्वागत के बाद गांव में विजय रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी और ग्रामीण शामिल हुए। रैली के दौरान आरती की सफलता को लेकर उत्साह देखने को मिला तथा ग्रामीणों ने उसे भविष्य में भी देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
विजय रैली में गांव रोडावाली के सरपंच देवेंद्र जांगू, भाट समाज अध्यक्ष रामप्रताप, मांगीलाल राव, वंशों देवी सहित गांव के सैकड़ों युवा, ग्रामीण और स्थानीय खिलाड़ी मौजूद रहे। सरपंच देवेंद्र जांगू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आरती की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उसका अभिनंदन किया।
आरती के कोच सुनील सामरिया ने बताया कि आरती पिछले आठ वर्षों से एथलेटिक्स में लंबी दूरी की दौड़ का नियमित अभ्यास कर रही है। लगातार मेहनत, अनुशासन और लगन के चलते उसने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि आरती ने अपने परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण से प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है और इससे अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
कोच सुनील सामरिया ने बताया कि वे नशा हटाओ, दौड़ लगाओ मुहिम के तहत दर्जनों युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। आरती ने सोमनाथ स्पोर्ट्स क्लब सहारनी के तत्वावधान में अभ्यास एवं खेल गतिविधियों से जुड़कर प्रतियोगिताओं में यह उपलब्धि हासिल की है।
आरती पहले भी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी है। ग्रामीणों ने आरती की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता जताई।


















