जंगल सफारी के दौरान सड़क पर काफी देर तक विचरण करते रहे भालू, पर्यटकों ने कैमरों में कैद किया नजारा
पाली। प्रहलाद सिंह
परशुराम महादेव सड़क मार्ग पर मंगलवार शाम जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को एक साथ तीन भालू दिखाई दिए। अचानक सड़क पर भालुओं को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। पर्यटकों ने इस नजारे को काफी देर तक देखा।
जिप्सी संचालक महेंद्र मीणा ने बताया कि मंगलवार शाम वे पर्यटकों को लेकर जंगल सफारी के लिए परशुरामजी रोड की तरफ गए थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर तीन भालू दिखाई दिए। कुछ देर तक सड़क पर विचरण करने के बाद भालू जंगल की ओर चले गए। इसके बाद वे पर्यटकों को लेकर परशुरामजी की तरफ निकल गए।
मीणा के अनुसार, वापस लौटते समय तीनों भालू एक बार फिर सड़क पर दिखाई दिए और काफी देर तक वहां विचरण करते रहे। एक साथ तीन भालुओं को करीब से देखने का यह नजारा पर्यटकों के लिए रोमांचकारी रहा।
गौरतलब है कि परशुराम महादेव क्षेत्र में इससे पहले भी पर्यटकों को तेंदुआ दिखाई दे चुका है। क्षेत्र में वन्यजीवों की लगातार मौजूदगी के चलते यह वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।















