Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ गौशाला निर्माण के लिए सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं नानी...

गौशाला निर्माण के लिए सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं नानी बाई के मायरे का आयोजन 29 दिसंबर से

प्रचार रथ रवाना, शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर देगा धार्मिक आयोजन का निमंत्रण; 4 जनवरी तक चलेगा आयोजन, 5 जनवरी को होगी हवन एवं पूर्णाहुति

रावतसर।जगराज गौड़
गौमाता की सेवा और संरक्षण के उद्देश्य से श्री सुंदरकांड गो ग्रास सेवा समिति, वार्ड नंबर 25 रावतसर की ओर से नवनिर्मित गौशाला के निर्माण हेतु सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं नानी बाई के मायरे का आयोजन किया जाएगा। 29 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम के प्रचार अभियान का सोमवार को विधिवत शुभारंभ किया गया।

गौशाला परिसर में पूजा-अर्चना के बाद संत-महात्माओं और नगरपालिका चेयरमैन नीलम सहारण ने प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जोरावरपुरा के श्री स्वामी राघवानंद जी महाराज सहित संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

संत-महात्माओं एवं अतिथियों ने गौसेवा के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि गौमाता की सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी भी है। ऐसे आयोजनों से सेवा, संस्कार, सहयोग और सामाजिक एकजुटता की भावना मजबूत होती है।

ऋषिकेश के बाल संत भोलेबाबा करेंगे कथा वाचन

समिति की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन ऋषिकेश के बाल संत श्री भोलेबाबा जी महाराज करेंगे, जबकि नानी बाई के मायरे का वाचन संत श्री विद्याधर जी महाराज करेंगे। आयोजन धान मंडी स्थित 9 बीघा ग्राउंड, श्याम मंदिर के पास, रावतसर में होगा।

कथा के शुभारंभ दिवस 29 दिसंबर को सुबह 9:15 बजे गीता भवन से कथा स्थल तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं, पुरुषों और धर्मप्रेमी नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

प्रतिदिन होंगे धार्मिक कार्यक्रम

आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 5 से 6 बजे तक नित्य स्तुति एवं प्रार्थना, सुबह 6 से 7 बजे तक गोसेवा, दोपहर 12:15 से शाम 4:15 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा और रात्रि 7:15 से 9:15 बजे तक नानी बाई के मायरे का कार्यक्रम होगा। आयोजन के समापन के बाद 5 जनवरी 2027 को सुबह 8:15 बजे हवन एवं पूर्णाहुति की जाएगी।प्रचार रथ रावतसर शहर के विभिन्न वार्डों, प्रमुख मार्गों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर श्रद्धालुओं एवं आमजन को कार्यक्रम का निमंत्रण देगा।

गौशाला निर्माण के लिए जनसहयोग की अपील

समिति डायरेक्टर साहिल गर्ग ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कथा तक सीमित नहीं है, बल्कि गौमाता के संरक्षण, सेवा और बेहतर सुविधाओं से युक्त गौशाला निर्माण की दिशा में एक सामाजिक अभियान है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ के साथ गौसेवा से जुड़ने का अवसर मिलेगा। जनसहयोग और भामाशाहों की सहभागिता से गौशाला निर्माण कार्य को गति देने का लक्ष्य रखा गया है।

समिति सदस्यों ने गौभक्तों, धर्मप्रेमी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और भामाशाहों से तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की। साथ ही नगरवासियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में कथा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।

ये रहे मौजूद

प्रचार रथ रवाना होने के अवसर पर राजकुमार सरावगी, राधाकृष्ण सरावगी, मंगलचंद बुकर, नरेश माहेश्वरी, श्याम मित्तल, बसंत गोल्याण, ओमप्रकाश गोयल, हरीश सिंगल, केशव भाटी, डिप्टी गोयल, राजकुमार बुकलसरिया, भारत गर्ग, हनुमान जोशी, निर्मल शर्मा, कृष्ण सेवादार, संजय बिश्नोई सहित महिला मंडल की रितु गर्ग, निशा मित्तल, खवाइश गर्ग और गोसेवक उपस्थित रहे।

अंत में समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संत-महात्माओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए नगरवासियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

Advertisement