3 अक्टूबर को न्यूयॉर्क के लिए होंगे रवाना, भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली। चूरू सांसद राहुल कस्वां शनिवार, 3 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क रवाना होंगे। प्रस्तावित आधिकारिक दौरे के दौरान वे भारतीय संसद सदस्यों के प्रथम दल का हिस्सा होंगे।
संयुक्त राष्ट्र की आधिकारिक जानकारी के अनुसार 81वां महासभा सत्र 8 सितंबर 2026 से शुरू हुआ है और इसके विभिन्न सत्र एवं समितियों की बैठकें वर्ष 2026-27 के दौरान न्यूयॉर्क में आयोजित हो रही हैं।
इन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होगा प्रतिनिधिमंडल
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के साथ संवाद, संयुक्त राष्ट्र राजनयिक जीवनसाथी क्लब के वर्ष 2026-27 के उद्घाटन समारोह, यूनिसेफ (UNICEF) के साथ संवाद तथा संयुक्त राष्ट्र आतंकवाद निरोधक कार्यालय (UNOCT) के साथ बैठक में शामिल होगा।
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय कपास दिवस के अवसर पर PMI की ओर से आयोजित कार्यक्रम, फ्रांस के स्थायी प्रतिनिधि एवं राजदूत जेरोम बोनाफोंट के साथ संवाद, सुरक्षा परिषद की रिपोर्ट पर चर्चा, हिंदी दिवस समारोह तथा रवांडा के स्थायी प्रतिनिधि एवं राजदूत मार्टिन के. नगोगा के साथ बैठक सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
वैश्विक मुद्दों पर संवाद का अवसर
दौरे के दौरान भारतीय सांसद संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न निकायों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इन बैठकों में वैश्विक स्तर के विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की संसदीय भागीदारी से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार 81वें महासभा सत्र का विषय “Restoring Trust, Managing Transformation: A United Nations That Delivers for All” रखा गया है। सत्र की अध्यक्षता बांग्लादेश के खलीलुर रहमान कर रहे हैं।













