Advertisement
Home राजस्थान चूरू दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष दिव्य राजपाल का चूरू में भव्य...

दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष दिव्य राजपाल का चूरू में भव्य स्वागत, निकाला विशाल रोड शो

चूरू में शहीद भगत सिंह कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष दिव्य राजपाल का सिंधी समाज द्वारा नागरिक अभिनंदन

शहीद भगत सिंह कॉलेज के अध्यक्ष बनने पर सिंधी समाज ने किया नागरिक अभिनंदन, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

चूरू। दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध शहीद भगत सिंह कॉलेज के छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने के बाद चूरू के युवा दिव्य राजपाल के पहली बार गृह नगर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। श्री सिंधी पंचायत संस्थान और श्री सिंधी युवक मंडल, चूरू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में सिंधी समाज सहित शहरवासियों ने उनका नागरिक अभिनंदन कर उपलब्धि पर खुशी जताई।

ढोल-नगाड़ों के साथ अगवानी, शहर में निकला रोड शो

दिव्य राजपाल के चूरू रेलवे स्टेशन पहुंचने पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्रबुद्धजनों और युवाओं ने ढोल-नगाड़ों एवं नारों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद रेलवे स्टेशन से विशाल रोड शो निकाला गया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।रोड शो के दौरान विभिन्न स्थानों पर शहरवासियों और व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा, आतिशबाजी, माल्यार्पण और साफा पहनाकर दिव्य का अभिनंदन किया। इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।

सिंधी समाज ने किया नागरिक अभिनंदन

रोड शो के बाद मुख्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री सिंधी पंचायत संस्थान के अध्यक्ष केवल राम चेनानी ने की। समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों ने दिव्य राजपाल को दुपट्टा ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अध्यक्षीय उद्बोधन में केवल राम चेनानी ने कहा कि दिव्य राजपाल ने देश के प्रतिष्ठित कॉलेज में छात्र संघ अध्यक्ष बनकर सिंधी समाज के साथ चूरू जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।

‘छात्र हितों और जनसेवा के लिए रहूंगा समर्पित’

नवनिर्वाचित छात्र संघ अध्यक्ष दिव्य राजपाल ने स्वागत और सम्मान के लिए समाजबंधुओं, परिजनों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत चूरू की जनता और साथियों के विश्वास की जीत है। वे छात्र हितों, जनसेवा और समाज के गौरव को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर समर्पित रहेंगे।

परिजनों ने साझा की खुशी

समारोह में दिव्य के पिता राकेश राजपाल, माता गुंजन राजपाल, ताऊ-ताई सुनील राजपाल और निशा राजपाल, दादी मीना राजपाल तथा भावना कस्तूरी ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि दिव्य ने मेहनत, सादगी और सेवाभाव से यह मुकाम हासिल किया है।परिजनों ने कहा कि चूरू में समाज के बुजुर्गों और युवाओं से मिले स्नेह एवं आशीर्वाद ने परिवार का गौरव बढ़ाया है। दिव्य की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने का हौसला रखते हैं। उन्होंने भव्य अभिनंदन के लिए समाजबंधुओं का आभार जताया।

दिल्ली से भी पहुंचे साथी

कार्यक्रम में दिव्य के मित्र राहुल, प्रयास, शिवम, हिमांशु, हर्षित और अवनीश विशेष रूप से दिल्ली से पहुंचे।इस अवसर पर सिंधी समाज के वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी घनश्याम मोरानी, रमेश कलवानी, किशोर कृपलानी, दौलत राम खत्री, गुरमुखदास राजपाल, अशोक नंदवानी, सिंधी युवक मंडल अध्यक्ष नितिन रघवानी, अमर मोरानी, टोपन दास नंदवानी, चंद्रप्रकाश खत्री, रुचि राजपाल, सिद्धीक्षा राजपाल, अनिल चंदानी, श्रीचंद राजदेव, हरीश राजदेव, नितिन पुरुषनानी, विक्रम राजपाल, सेवक राजपाल, भरत औचानी, भजनलाल तलवानी, किशोर राजपाल, मनीष ग्वालानी, दयानंद राजदेव और उमेश राजपाल सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु, युवा एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Advertisement