सूरज बरपा रहा कहर : 9 राज्य ‘लू’ की चपेट में, 2 की मौत

0
381

नई दिल्ली। अभी मार्च का महीना खत्म भी नही हुआ है कि सूरज ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। गर्मी के साथ-साथ लू के थपेड़ों ने देश के नौ राज्यों को अपनी चपेट में ले लिया है। इन इलाको में पारा अभी से 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दो तीन दिनों में कोई राहत नहीं मिलने वाली। उलटे कई और नए इलाके लू चपेट में आएंगे।
महाराष्ट्र का मध्यवर्ती हिस्सा और पूर्वी विदर्भ का इलाके में भी आसमान से आग बरस रही है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। 1 अप्रैल तक नागपुर का तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है। हालांकि 5 अप्रैल को हरियाणा और पंजाब को अस्थायी राहत मिल सकती है। इन इलाकों में बूंदा-बांदी होने की संभावना जताई गई है।
महाराष्ट्र में लू लगने से दो लोगों की मौत हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दीपक सांवत ने गुरुवार को बताया कि अचानक बढ़े तापमान से औरंगाबाद और शोलापुर जिले में क्रमश: एक-एक मौत हुई है। दोनों मृतकों की उम्र 60 वर्ष से अधिक थी। इस बीच, राज्यसरकार ने सभी अस्पतालों से लू लगने के मरीजों का इलाज करने की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में लू का आगमन हो चुका है। राजस्थान के पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में हालात अभी से गंभीर की श्रेणी में आ गए हैं। बाड़मेर, जैसलमेर?, सीकर और चूरू लू से सबसे अधिक प्रभावित हैं। यहां अधिकतम तापमान 43 से 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।

गर्मी की तपिश मैदानों और पठारों पर ही नहीं हिमालय के पहाड़ों में भी महसूस की जा रही है। गुरुवार को उत्तराखंड के पंतनगर में गर्मी के सारे रिकॉर्ड टूट गए। 1985 के बाद यहां पर मार्च में सबसे रिकॉर्ड 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ठंडी जगहों में गिने जाने वाले नैनीताल और पिथौरागढ़ जैसे शहरों में पारा सामान्य से पांच डिग्री तक अधिक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here