ऑडिट रिपोर्ट और वित्तीय स्थिति का ब्यौरा सदस्यों के समक्ष रखा, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद व कृषि आदान वितरण सहित किसानों से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
चूरू।पुनीत सोनी
क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड, चूरू की वार्षिक साधारण सभा शुक्रवार को समिति कार्यालय में अध्यक्ष बजरंग लाल कस्वां की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट, संस्था की वित्तीय स्थिति, आगामी वर्ष के बजट और विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
सभा का संचालन समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश शर्मा ने किया। उन्होंने सदस्यों के समक्ष वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट, समिति की वित्तीय स्थिति तथा आगामी वर्ष के बजट का विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने वर्षभर में समिति की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी भी दी।
एमएसपी पर खरीद और कृषि आदान वितरण की दी जानकारी
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश शर्मा ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कृषि उपज की खरीद, कृषि आदान वितरण तथा 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम सहित समिति की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी वर्ष की कार्ययोजना के बारे में बताते हुए कहा कि किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और सहकारिता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि समिति की ओर से ‘सहकार से समृद्धि’, ‘स्वच्छ सहकार’, ‘समृद्ध सहकार’, ‘हरियालो राजस्थान’ एवं एबीएएस सहित विभागीय नवीन पहलों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं और पहलों के माध्यम से सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने तथा किसानों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सहकारिता को मजबूत बनाने पर दिया जोर
सभा को उप रजिस्ट्रार कैलाश चन्द्र सैनी, उपनिदेशक कृषि कुलदीप शर्मा, सीसीबी के प्रबंध निदेशक मदन शर्मा तथा समिति अध्यक्ष बजरंग लाल कस्वां ने संबोधित किया। वक्ताओं ने सहकारी संस्थाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए इनके माध्यम से किसानों तक सरकारी योजनाओं और विभिन्न सुविधाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
सदस्यों ने दिए सुझाव
सभा के दौरान ऑडिट रिपोर्ट, बजट, समिति के आगामी कार्यों और विकास योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने समिति की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर सीसीबी चूरू की अधिशासी अधिकारी रंजना गोस्वामी, समिति उपाध्यक्ष संपत सिंह, आकिब जावेद, केशरदेव काछवाल, निरीक्षक सहकारी समितियां चूरू, संचालक मंडल के सदस्य तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।













