चिकित्सा विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन गोदारा व टीम ने की कार्रवाई
चूरू।प्रदेश में चिकित्सा विभाग के खाद्य सुरक्षा अनुभाग की ओर से चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत चूरू की खाद्य सुरक्षा टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरदारशहर के हनुमान ट्रेडर्स पर वरुण बेवरेज से निर्मित स्टिंग एनर्जी की 250 एमएल की 6420 बोतलें सीज की गई तथा एनर्जी डिंक्स का नमूना लेकर जयपुर प्रयोगशाला में जांच के लिए भिजवाया गया। सीएमएचओ डॉ.मनोज शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन गोदारा की टीम ने सरदारशहर के हनुमान ट्रेडर्स पर जांच के दौरान स्टिंक एनजी लगे बोतलों के लेबल पर “Stimulates Mind”, “Energizes Body” और “Same Great Taste” जैसे दावे अंकित पाए गए, जिन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार भ्रामक प्रचार माना जाता है। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नमूने लेकर शेष 6420 बोतलों को सीज कर दिया। एफएसएसएआई के निर्देशों के अनुसार कैफीनेटेड बेवरेज पर “एनर्जी ड्रिंक”, “स्पोर्ट्स ड्रिंक”, “स्टिमुलेट्स माइंड” जैसे दावों का उल्लेख भ्रामक श्रेणी में आता है। हाल ही में इस संबंध में पेय पदार्थ निर्माता कंपनियों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन गोदारा ने बताया कि अधिक कैफीन वाले ऐसे पेय गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।













