मेडिकल बायोकेमिस्ट पद पर हुआ चयन, मेडिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट में देंगी सेवाएं; परिवार और कड़ी मेहनत को दिया सफलता का श्रेय
चूरू। निकटवर्ती कस्बे रतननगर की डॉ. अनिशा तंवर ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर जिले का नाम रोशन किया है। मेडिकल बायोकेमिस्ट पद के लिए RPSC की ओर से आयोजित परीक्षा में डॉ. अनिशा ने प्रदेश में 9वीं रैंक हासिल की है। उनका चयन मेडिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट में मेडिकल बायोकेमिस्ट के पद पर हुआ है।
डॉ. अनिशा लायंन मंगतूराम तंवर की बेटी हैं। चयन के बाद परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे रतननगर और चूरू जिले के लिए गौरव का अवसर बताया।
मेडिकल कॉलेजों में दे चुकी हैं सेवाएं
डॉ. अनिशा तंवर इससे पहले ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS), जोधपुर तथा गीतांजलि मेडिकल कॉलेज, उदयपुर में सेवाएं दे चुकी हैं। मेडिकल क्षेत्र में अनुभव के साथ उन्होंने RPSC की परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन किया।
अपनी सफलता पर डॉ. अनिशा ने इसका श्रेय माता-पिता, परिवार के सहयोग और निरंतर कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास और मेहनत से सफलता हासिल की जा सकती है।













