Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायर्ड जूस-मिठाइयां नष्ट

चूरू में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायर्ड जूस-मिठाइयां नष्ट

चूरू जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की जांच

रतनगढ़ जिला अस्पताल और सालासर CHC के आसपास कैंटीन-रेस्टोरेंट की जांच; राजलदेसर के रिजॉर्ट से दही, बेसन और तेल के नमूने लिए

चूरू। अस्पतालों के आसपास खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान के तहत गुरुवार को जिले में सघन कार्रवाई की। रतनगढ़ जिला अस्पताल और सालासर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास संचालित कैंटीन, कैफेटेरिया, भोजनालय और रेस्टोरेंट की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था और पेयजल की स्थिति को परखा गया। नियमों के उल्लंघन से जुड़ी सामग्री मिलने पर विभाग ने जलेबी, पेड़े, एक्सपायर्ड जूस/पेय पदार्थ और ग्लेज्ड फ्रूट करौंदा को मौके पर ही नष्ट करवाया।

खाद्य प्रतिष्ठानों को जारी किए सुधार नोटिस

जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों में कमियां पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नियमानुसार इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने संचालकों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।विभाग के अनुसार अस्पतालों के आसपास चलाया जा रहा यह विशेष निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान 30 सितंबर तक जारी रहेगा।

राजलदेसर के जीत रिजॉर्ट में भी कार्रवाई

इसी क्रम में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जीत रिजॉर्ट, राजलदेसर का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक्सपायरी और खराब खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया।अधिकारियों ने रिजॉर्ट से दही, बेसन और तेल के नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।रिजॉर्ट में खाद्य सुरक्षा से संबंधित कमियां पाए जाने पर फूड सेफ्टी एक्ट 2006 की धारा 32 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया।

30 सितंबर तक जारी रहेगा अभियान

यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के आदेश तथा अभिहित अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के निर्देशानुसार की गई।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन सिंह गोदारा, राम अवतार शर्मा, हरीराम, कुलदीप खाटोड़, अशोक घोटिया, प्रकाश नागोरा, पूजा सैनी, आशा गुर्जर, मूलचंद मीणा, सुरेंद्र डूडी और डॉ. अनिल मील शामिल रहे।

Advertisement