Advertisement
Home झुंझुनूं खेतड़ी ढोसी में 11 KV तार टूटा, 440V लाइन में दौड़ा हाई वोल्टेज;...

ढोसी में 11 KV तार टूटा, 440V लाइन में दौड़ा हाई वोल्टेज; भैंस की मौत

ढोसी में 11 केवी लाइन का तार टूटने के बाद हाई वोल्टेज से प्रभावित विद्युत लाइन

ढोसी के बीचला मोहल्ले में 8 -10 घरों के विद्युत उपकरण फुंके, करंट की चपेट में आने से भैंस की मौत; ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा

खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़

उपखंड के गांव ढोसी में विद्युत लाइन में आए फाल्ट के बाद उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर नीचे से गुजर रही 440 वोल्ट लाइन के संपर्क में आ गया। इससे वार्ड नंबर एक के बीचला मोहल्ले में कई घरों की घरेलू विद्युत सप्लाई में अचानक हाई वोल्टेज करंट पहुंच गया। हादसे में संजय जांगिड़ पुत्र बुधराम जांगिड़ की भैंस की करंट लगने से मौत हो गई, वहीं करीब 8 से 10 घरों में कूलर, टीवी, फ्रिज, पंखे सहित अन्य विद्युत उपकरण जल गए।

ग्रामीणों के अनुसार वार्ड नंबर एक के बीचला मोहल्ले से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन का तार अचानक टूट गया। तार टूटने के बाद वह पास से गुजर रही 440 वोल्ट विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया और जमीन पर जा गिरा। इसके चलते मोहल्ले के कई घरों की घरेलू विद्युत लाइनों में अचानक तेज वोल्टेज दौड़ गया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ ही समय में घरों में लगे विद्युत उपकरण जलने लगे। इसी दौरान जमीन पर गिरे विद्युत तार की चपेट में आने से संजय जांगिड़ की भैंस की मौत हो गई।

घटना के बाद ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने विद्युत निगम से मामले की जांच करवाने के साथ ही नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि भैंस की मौत से पशुपालक को आर्थिक नुकसान हुआ है, वहीं कई परिवारों के घरेलू विद्युत उपकरण भी जल गए हैं। ऐसे में विद्युत निगम को नुकसान का सर्वे करवाकर पीड़ित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाना चाहिए। मामले में विद्युत निगम के जेईएन मनोज कुमार ने बताया कि ढोसी गांव में 11 केवी लाइन के इंसुलेटर में गिलहरी के कारण फाल्ट आया, जिसके चलते विद्युत तार टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में एक भैंस की मौत हुई है तथा कुछ घरों के विद्युत उपकरण भी जलने की जानकारी मिली है।

घटना की रिपोर्ट तैयार करवाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। जेईएन ने बताया कि सूचना मिलते ही विद्युत लाइन को बंद करवा दिया गया था। आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद लाइन को दोबारा चालू कर दिया गया।

Advertisement