आदर्श बाल निकुंज स्कूल में निकली भव्य तिरंगा रैली

वंदे मातरम और भारत माता के जयघोष से गूंजा जंक्शन, विद्यार्थियों ने दिया देशभक्ति का संदेश

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जंक्शन स्थित आदर्श बाल निकुंज सीनियर सैकेण्डरी स्कूल में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। रैली के दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। विद्यार्थियों के जोश और उत्साह ने क्षेत्रवासियों का ध्यान आकर्षित किया।रैली को पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ बब्बी, विद्यालय निदेशक गुरप्रीत सिंह अक्कू एवं प्रिंसीपल राजवंत कौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।हरी झंडी मिलने के बाद विद्यालय परिसर से तिरंगा रैली रवाना हुई। रैली में शामिल विद्यार्थी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कतारबद्ध होकर आगे बढ़े। इस दौरान विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ सहित देशभक्ति के जयघोष करते हुए चल रहे थे। तिरंगे से सजे विद्यार्थियों और देशभक्ति के नारों से जंक्शन का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के साथ-साथ देश के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश भी दिया। विद्यार्थियों ने अनुशासन के साथ रैली में भाग लेकर एकता और भाईचारे का परिचय दिया। मार्ग में लोगों ने रैली को उत्सुकता से देखा तथा विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की।विद्यालय निदेशक गुरप्रीत सिंह अक्कू ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ देशभक्ति, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाता है। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करते हैं। प्रिंसीपल राजवंत कौर ने कहा कि देश का भविष्य बच्चों के हाथों में है और उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनाना विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।रैली के समापन पर विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।