सभापति मंजू रणवा, उपसभापति सोनू बंसल व पूर्व सभापति सुमित रणवा ने कलेक्टर से सफाई कर्मियों को कार्यमुक्त करने की मांग की
हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
नगर परिषद हनुमानगढ़ की सभापति मंजू रणवा, उपसभापति सोनू बंसल एवं पूर्व सभापति सुमित रणवा ने जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुपस्थिति में कार्यवाहक जिला कलेक्टर श्रद्धा गोमें (आईएएस) को पत्र देकर नगरीय आम चुनाव-2026 के दौरान जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रतिनियुक्त किए गए सफाई कर्मचारियों को नगर परिषद के लिए कार्यमुक्त करने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि दीपावली पर्व को देखते हुए शहर में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है और इसके लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है।
नगर परिषद की ओर से जिला कलेक्टर को भेजे गए पत्र में बताया गया कि नगरीय आम चुनाव-2026 के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशों की अनुपालना में नगर परिषद हनुमानगढ़ के सफाई कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी कार्य के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया था। पत्र के साथ प्रतिनियुक्त किए गए सफाई कर्मचारियों की सूची भी संलग्न की गई है।
सूची के अनुसार कुल 29 कर्मचारी जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इनमें अधिकांश सफाई कर्मचारी हैं, जबकि एक कर्मचारी निविदा कर्मचारी के रूप में सूचीबद्ध है। पत्र में नगर परिषद क्षेत्र में दीपावली पर्व के मद्देनजर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।पत्र में उल्लेख किया गया है कि दीपावली के दौरान शहर में बड़ी संख्या में लोग बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना आवश्यक है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता जरूरी है। नगर परिषद पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर से अनुरोध किया कि जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्त सफाई कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर नगर परिषद हनुमानगढ़ में कार्यग्रहण करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
सभापति मंजू रणवा, उपसभापति सोनू बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवा व पूर्व पार्षद मुकेश मुक्की ने पत्र के माध्यम से कहा कि कर्मचारियों की नगर परिषद में वापसी होने से दीपावली पर्व के दौरान शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा। साथ ही विभिन्न वार्डों, मुख्य बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई कार्य को गति मिल सकेगी। नगर परिषद पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि दीपावली पर्व से पहले शहर की स्वच्छता व्यवस्था को पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध हो सके और सफाई कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।













