Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ जोधपुर केमिकल फैक्ट्री हादसे में शहीद तीन फायरमैनों को हनुमानगढ़ में श्रद्धांजलि

जोधपुर केमिकल फैक्ट्री हादसे में शहीद तीन फायरमैनों को हनुमानगढ़ में श्रद्धांजलि

हनुमानगढ़ अग्निशमन केंद्र में जोधपुर केमिकल फैक्ट्री हादसे के शहीद फायरमैनों को श्रद्धांजलि देते फायर स्टाफ

अग्निशमन केंद्र में समस्त फायर स्टाफ ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, हादसे में 13 फायरमैन हुए थे घायल

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
नगर परिषद हनुमानगढ़ के अग्निशमन केंद्र में गुरुवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर जोधपुर के केमिकल फैक्ट्री हादसे में शहीद हुए अग्निशमन विभाग के तीन जांबाज फायरमैनों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में अग्निशमन केंद्र के समस्त फायर स्टाफ ने शहीद जवानों को नमन करते हुए उनकी सेवाओं और साहस को याद किया। सहायक अग्निशमन केंद्र अधिकारी यूनस खान व सहायक अग्निशमन केंद्र सप्रभारी राजेश पारीक ने बताया कि 23 सितंबर 2026 को जोधपुर की एक केमिकल फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने के दौरान अचानक हुए ब्लास्ट में राजस्थान फायर सर्विस के 13 फायरमैन झुलस गए थे। हादसे के बाद सभी घायल फायरमैनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन जांबाज फायरमैन सुरेंद्र, प्रीतेश और प्रदीप ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग के लिए यह बेहद दुखद घटना है। आग जैसी विपरीत परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों और संपत्ति की सुरक्षा के लिए कार्य करना फायरमैन के कर्तव्य का हिस्सा है। शहीद जवानों ने भी इसी कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में फायर स्टाफ ने शहीद जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान सभी ने शहीद फायरमैनों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

Advertisement