नवज्योति मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय में केक काटकर बांटी मिठाई, बच्चों को दिए उपहार
हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का जन्मदिवस सामाजिक सरोकार के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नवज्योति मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय पहुंचकर विशेष बच्चों के साथ जन्मदिवस की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच केक काटा गया तथा मिठाई बांटकर और उपहार भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का जन्मदिवस मनाया गया।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देती रही है। समाज के वंचित और विशेष जरूरत वाले बच्चों के बीच खुशियां बांटना ही किसी भी खुशी के अवसर को सार्थक बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के जन्मदिवस को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक सेवा से जोड़कर मनाने का निर्णय लिया गया। विशेष बच्चों के साथ समय बिताकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।
मक्कासर ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता और जरूरतमंदों की मदद करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और बच्चों का उत्साह भी बढ़ता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा विशेष बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कहा कि जन्मदिवस जैसे अवसरों को सामाजिक सेवा एवं जनहित के कार्यों से जोड़ना एक अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के साथ समय बिताने से न केवल उन्हें अपनापन महसूस होता है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी इनके प्रति संवेदनशील होने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के बच्चों के साथ बातचीत की और उनके साथ समय बिताया। केक काटने के बाद बच्चों को मिठाई वितरित की गई तथा उपहार भेंट किए गए। बच्चों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, मोहनलाल इंदलिया, अनूप चौधरी, विजय गोंद, हरप्रीत ढिल्लो, गोविन्द, गुरप्रीत सिंह मान, जगदीप रंगारा, ताहिर खान, साहिल कुमार व जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सेवा, संवेदनशीलता और जरूरतमंद वर्गों के साथ खुशियां साझा करने का संदेश दिया।













