Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ हरिद्वार से हनुमानगढ़ तक पैदल पहुंचे कावड़िए, आशापुरकेश्वर महादेव को अर्पित किया...

हरिद्वार से हनुमानगढ़ तक पैदल पहुंचे कावड़िए, आशापुरकेश्वर महादेव को अर्पित किया गंगाजल

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
हरिद्वार से हनुमानगढ़ तक पैदल कावड़ लेकर पहुंचे कावड़ियों ने मंगलवार को जंक्शन अबोहर बाईपास स्थित गौशाला परिसर के श्री आशापुरकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ को गंगाजल अर्पित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से माहौल को शिवमय कर दिया।कावड़ियों के जंक्शन स्थित भगत सिंह चौक पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद भगत सिंह चौक से श्री गौशाला तक श्रद्धालु नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए कावड़ लेकर पहुंचे। गौशाला पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कावड़ियों का अभिनंदन किया।इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना की गई और कावड़ियों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान आशापुरकेश्वर महादेव को गंगाजल अर्पित किया। पूरे दिन मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। शिवभक्तों ने बाबा की हाजिरी लगाकर जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की मनोकामनाएं मांगीं।

करीब 50 घंटे में पूरी की हरिद्वार से हनुमानगढ़ की यात्रा

गौशाला समिति अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने बताया कि गौशाला समिति की ओर से यह तीसरी कावड़ यात्रा निकाली गई है। कावड़ियों ने करीब 50 घंटे में हरिद्वार से हनुमानगढ़ तक की पैदल यात्रा पूरी की।उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक अनुष्ठानों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और श्रद्धालुओं में धार्मिक एवं सामाजिक एकता की भावना मजबूत होती है।इस अवसर पर गौशाला अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया, बीरबल जिन्दल, सुमन चावला, हिमांशु महर्षि, मनीष बतरा, चिमन मित्तल, सुरेश अग्रवाल जेके, मुकेश महर्षि, जीत सिंह नम्बड़दार, रामकुमार गोदारा, विजय जांगिड़ मक्कासर, राजेन्द्र स्वामी, मनीष कौशिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Advertisement