Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं एक ही रात में 131 नोजल चोरी , खेतों की सिंचाई व्यवस्था...

एक ही रात में 131 नोजल चोरी , खेतों की सिंचाई व्यवस्था पर चोरों का वार

रसूलपुर में चार किसानों के खेतों से 131 फव्वारा सेट नोजल चोरी

बबाई थाना क्षेत्र के रसूलपुर में चार किसानों के खेत बने निशाना, फव्वारा सेट की पाइपलाइन से नोजल तोड़ ले गए अज्ञात चोर, लगातार हो रही वारदातों से किसान परेशान, पुलिस से चोरों की धरपकड़ और चोरी का माल बरामद करने की मांग

खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेतड़ी क्षेत्र में खेतों से फव्वारा सेट के नोजल चोरी होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बबाई थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में चार किसानों के खेतों को निशाना बनाते हुए कुल 131 नोजल चोरी कर लिए। सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को फव्वारा सेट की पाइपलाइन से नोजल गायब मिले तो हड़कंप मच गया। घटना से किसानों में रोष और चिंता का माहौल है। पुलिस को दी रिपोर्ट में रसूलपुर निवासी भाल सिंह पुत्र कानाराम सैनी ने बताया कि उसने अपने खेत में सिंचाई के लिए फव्वारा सेट की लाइन लगा रखी थी।

इसमें कुल 50 नोजल लगे हुए थे। सुबह खेत पर पहुंचने पर लाइन में लगे सभी 50 नोजल गायब मिले। अज्ञात चोर रात के समय नोजल तोड़कर ले गए। भाल सिंह ने घटना की जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी तो सामने आया कि अन्य किसानों के खेत भी उसी रात चोरों के निशाने पर रहे। गणत शर्मा के खेत से 19 नोजल, जगदीश प्रसाद शर्मा के खेत से 32 नोजल तथा रतनलाल यादव के खेत से 30 नोजल चोरी हुए हैं।

इस तरह चारों किसानों के खेतों से एक ही रात में 131 पानी के नोजल चोरी किए गए। किसानों का कहना है कि फव्वारा सेट के नोजल खेतों की सिंचाई व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके चोरी होने से न केवल सीधे आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि दोबारा नोजल लगाने के बाद ही खेतों में सिंचाई व्यवस्था सुचारू हो सकेगी। ग्रामीणों के अनुसार रात के समय खेतों में निगरानी नहीं होने का फायदा उठाकर चोर लगातार इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

पीड़ित किसानों ने बबाई थाना पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर अज्ञात चोरों का पता लगाने, चोरी हुए 131 नोजल बरामद करने तथा आरोपियों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। लगातार हो रही नोजल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए किसानों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की भी मांग की है।

Advertisement