करीब 2000 विद्यार्थियों व शिक्षकों ने ली नशामुक्त जीवन की शपथ, दूसरों को भी प्रेरित करने का लिया संकल्प
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE



हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शाखा ब्रह्माकुमारी पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड की ओर से चलाए जा रहे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत आज पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सहित दो राजकीय विद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान करीब 2000 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा लेते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। बी.के. खुशबू बहन ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। युवा देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं, इसलिए उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने प्रतिज्ञा ली कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने मित्रों, संबंधियों और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करेंगे।इस अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य रामचंद्र देहड़ू ने ब्रह्माकुमारी संस्था का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करवाने का शुभ संकल्प व्यक्त किया।आयोजकों ने बताया कि 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का उद्देश्य देशभर में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता पैदा करना है। विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में अभियान को लेकर उत्साह नजर आया। शिक्षकों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।







