Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश पदाधिकारी व उद्योग प्रभारी बैठक में श्रमिक...

भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश पदाधिकारी व उद्योग प्रभारी बैठक में श्रमिक हितों पर मंथन

हनुमानगढ़ जाट भवन में भारतीय मजदूर संघ राजस्थान की प्रदेश पदाधिकारी एवं उद्योग प्रभारी बैठक

राजस्थान में हरियाणा की तर्ज पर कॉन्ट्रेक्टर बोर्ड गठित करने की उठी मांग, संगठनात्मक विषयों पर भी हुई चर्चा

हनुमानगढ़ । हिमांशु मिड्ढा
भारतीय मजदूर संघ राजस्थान के प्रदेश पदाधिकारियों एवं उद्योग प्रभारियों की बैठक शुक्रवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित जाट भवन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, श्रमिकों की समस्याओं तथा संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र डाबी ने की।

बैठक में प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंककी, प्रदेश उपाध्यक्ष गोरी शंकर व्यास, प्रदेश मंत्री आनन्द प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लाखन गुर्जर, प्रदेश मंत्री मोहनलाल माली एवं कार्यालय मंत्री महेश चतुर्वेदी सहित संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने अतिथियों को जिले में भारतीय मजदूर संघ की ओर से किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

बैठक में रोडवेज एवं विद्युत क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों के विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र डाबी ने ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की प्राथमिकता देशहित के साथ कर्मचारी एवं श्रमिक हितों की रक्षा करना है। संगठित एवं असंगठित दोनों क्षेत्रों में कार्यरत ठेका मजदूरों की समस्याओं को बैठक में महत्वपूर्ण विषय के रूप में रखा गया। पदाधिकारियों ने कहा कि ठेका श्रमिकों को मिलने वाले अधिकारों, पारिश्रमिक एवं अन्य सुविधाओं से जुड़े मामलों में प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता है।

बैठक में प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंकी ने कहा कि राजस्थान में हरियाणा सरकार की तर्ज पर कॉन्ट्रेक्टर बोर्ड के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि ठेका व्यवस्था में श्रमिक और सरकार के बीच ठेकेदार की भूमिका को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। श्रमिकों के वेतन से होने वाली निर्धारित कटौतियों का लाभ सीधे सरकार एवं संबंधित श्रमिकों तक पहुंचे, इसके लिए पारदर्शी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि कॉन्ट्रेक्टर बोर्ड के गठन से ठेका श्रमिकों से जुड़े मामलों की निगरानी और उनके हितों की सुरक्षा के लिए संस्थागत व्यवस्था विकसित हो सकती है।

बैठक में संगठन की सदस्यता एवं अनुशासन से जुड़े विषयों पर भी पदाधिकारियों ने स्पष्टता रखी। बताया गया कि भारतीय मजदूर संघ का सदस्य किसी राजनीतिक पार्टी का सदस्य नहीं हो सकता। यदि कोई सदस्य राजनीतिक दल की सदस्यता रखता पाया जाता है तो संगठन के नियमों के अनुसार उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पदाधिकारियों ने संगठन की स्वतंत्र एवं श्रमिक हित आधारित भूमिका को बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक में भारतीय मजदूर संघ के समय-समय पर आयोजित होने वाले अधिवेशनों एवं संगठनात्मक प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। पदाधिकारियों ने संगठन में अधिकृत पदाधिकारियों के माध्यम से ही गतिविधियां संचालित किए जाने की बात कही। उन्होने कहा कि लवजीत पंवार प्रदेशाध्यक्ष व जनक गहलोत प्रदेश महामंत्री व हनुमानगढ़ जिले में जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा एवं जिला महामंत्री संदीप सिरावता के नेतृत्व में संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

Advertisement