खेतान चैरिटेबल ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजन , 75 वर्ष से अधिक आयु के सर्वसमाज के वरिष्ठजनों का होगा सम्मान

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
समाज सेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में 45 वर्षों से सक्रिय लायंस क्लब झुंझुनूं की ओर से अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में रविवार, 4 अक्टूबर को वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। बगड़ रोड स्थित पंसारी लायंस अस्पताल परिसर में दोपहर 12:30 बजे होने वाले समारोह में सर्वसमाज के 75 वर्ष से अधिक आयु के 51 वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों का अभिनंदन कर सम्मान किया जाएगा। समारोह का आयोजन गिन्नी देवी राधावल्लभ खेतान चैरिटेबल ट्रस्ट, झुंझुनूं के सौजन्य एवं प्रायोजन से किया जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजक गोपालकृष्ण गुप्ता ने बताया कि सम्मानित होने वाले सभी 51 वरिष्ठजनों का चयन कर उन्हें समारोह के लिए सादर आमंत्रित किया जा चुका है। गोपालकृष्ण गुप्ता ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव, ज्ञान, कार्यनिष्ठा और धैर्य नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब झुंझुनूं की लंबे समय से परंपरा रही है कि शिक्षक दिवस पर गुरूजनों और वृद्धजन दिवस पर समाज के बुजुर्गों का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाए।
समारोह को गरिमामय और भव्य बनाने के लिए लायंस क्लब एवं खेतान ट्रस्ट की टीम तैयारियों में जुटी है। आयोजन में गिन्नी देवी राधावल्लभ खेतान चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी परमेश्वर हलवाई प्रायोजक प्रतिनिधि के रूप में सहयोग कर रहे हैं। क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लायन डॉ. डीएन तुलस्यान, सचिव एमजेएफ लायन रघुनाथ प्रसाद पोद्दार एवं कोषाध्यक्ष लायन भागीरथ प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में तैयारियां की जा रही हैं।
वहीं जोन चेयरपर्सन डॉ. बबीता कुमावत, अध्यक्षीय सलाहकार एमजेएफ लायन नरेंद्र व्यास, प्रथम उपाध्यक्ष शिवकुमार जांगिड़ , द्वितीय उपाध्यक्ष एवं संयोजक गोपालकृष्ण गुप्ता तथा क्लब पीआरओ अशोक कुमार सोनी सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। समारोह में लायंस क्लब परिवार की ओर से सम्मानित होने वाले वरिष्ठजनों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की जाएगी।











