मौके से लोग हुए फरार, करीब 35-40 मीटर दूर जमीन पर पड़ा मिला हथियार; सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

चूरू। शहर के सदर थाना क्षेत्र में एनएच-52 स्थित रामसरा टिब्बा के पास झगड़े की सूचना के बाद पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा बरामद किया है। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।सदर थानाधिकारी इन्द्रलाल ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे गश्त के दौरान रामसरा टिब्बा के पास कुछ लोगों के बीच झगड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी को देखते ही वहां मौजूद कई लोग मौके से भाग निकले।
मौके पर मिले क्षतिग्रस्त वाहन
पुलिस को घटनास्थल पर एक बोलेरो और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के खेतों और इलाके में भागे लोगों की तलाश की, लेकिन किसी का पता नहीं चल पाया।तलाशी के दौरान क्षतिग्रस्त वाहनों से करीब 35 से 40 मीटर की दूरी पर जमीन पर एक देसी कट्टा पड़ा हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने हथियार को बरामद कर आसपास जांच की। हथियार से संबंधित किसी प्रकार का लाइसेंस या परमिट भी मौके पर नहीं मिला।
लोहे का बना था कट्टा, ट्रिगर-हैमर चालू हालत में
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद देसी कट्टा लोहे का बना हुआ है और इसकी बैरल करीब 14.5 सेंटीमीटर लंबी है। पुलिस के मुताबिक हथियार का ट्रिगर और हैमर कार्यशील स्थिति में पाए गए।पुलिस ने बरामद हथियार को सुरक्षित तरीके से पारदर्शी डिब्बे में रखकर सील कर दिया है। अब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसका था और झगड़े की घटना से इसका क्या संबंध है।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
सदर थाना पुलिस ने देसी कट्टा बरामद होने के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल पर मिले क्षतिग्रस्त वाहनों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथ ही झगड़े में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
चूरू में बिजली व्यवस्था पर बड़ा प्लान! RDSS फेज2 में नए GSS और क्षमता वृद्धि के प्रस्ताव तैयार होंगे













