NH-52 पर लाम्बा पेट्रोल पंप के पास पुलिस की नाकाबंदी में पकड़ा गया कंटेनर, जब्त शराब की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

चूरू।अमित तिवारी
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थो की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नकेल’ अभियान के तहत चूरू कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-52 पर एक शराब से भरे कंटेनर को पकड़ा है। पुलिस ने कंटेनर की तलाशी के दौरान 961 कार्टन अवैध शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई लाम्बा पेट्रोल पंप के पास की गई नाकाबंदी के दौरान हुई। कोतवाली सीआई गौरव खिडिया ने बताया कि पुलिस टीम को संदिग्ध कंटेनर की सूचना मिली थी। इसके बाद स्पेशल टीम ने एएसआई सुरेश कुमार के नेतृत्व में एनएच-52 पर नाकाबंदी की।नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कंटेनर को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। जांच में कंटेनर के अंदर बड़ी संख्या में शराब के कार्टन पाए गए। पुलिस ने शराब और कंटेनर को जब्त करते हुए मौके से हरियाणा के बास पदमका निवासी नवीन और साहिल को गिरफ्तार किया।
चंडीगढ़ से गुजरात पहुंचाई जा रही थी शराब
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बरामद अवैध शराब को चंडीगढ़ से गुजरात ले जाया जा रहा था। पुलिस अब दोनों आरोपियों से तस्करी के पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की सप्लाई कहां से हुई, इसके पीछे कौन लोग हैं और गुजरात में इसे किसे पहुंचाया जाना था।पुलिस के मुताबिक मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए सप्लायर, परिवहन व्यवस्था और शराब की अंतिम डिलीवरी से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्पेशल टीम की कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एएसआई सुरेश कुमार के साथ कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, विकास कुमार, मोहरपाल, मुकेश और भीमसिंह शामिल रहे।पुलिस ने कंटेनर और शराब को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चूरू में बिजली व्यवस्था पर बड़ा प्लान! RDSS फेज2 में नए GSS और क्षमता वृद्धि के प्रस्ताव तैयार होंगे













