पिपराली रोड पर मिट्टी ढहने से दबा 28 वर्षीय सिकंदर अली; विधायक राजेंद्र पारीक और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर, SDRF टीम भी बुलाई गई
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


सीकर। राहुल टांक
सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पिपराली रोड पर शनिवार रात सीवरेज कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आदर्श गर्ल्स हॉस्टल के पास सीवरेज का काम कर रहा 28 वर्षीय मजदूर सिकंदर अली अचानक मिट्टी ढहने से गहरे गड्ढे में दब गया। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मजदूर को बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।जानकारी के अनुसार सिकंदर अली, पुत्र नवाब अली, सीकर के इस्लामिया चौक के पास रहता है। वह आदर्श गर्ल्स हॉस्टल के पास सीवरेज कार्य करने पहुंचा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी ढह गई और वह उसमें दब गया।
बारिश के कारण रेस्क्यू में आ रही परेशानी
हादसे की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन, सिविल डिफेंस, एंबुलेंस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन के अनुसार अब तक करीब 12 फीट तक खुदाई की जा चुकी है, जबकि मजदूर तक पहुंचने के लिए करीब 7 से 8 फीट और खुदाई की जानी बाकी है।बारिश के कारण मिट्टी गीली और ढीली होने से रेस्क्यू ऑपरेशन में लगातार परेशानी आ रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की टीम सावधानीपूर्वक खुदाई कर रही है।
विधायक और अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर सीकर विधायक राजेंद्र पारीक, नगर परिषद सभापति जीवण खां, एडिशनल एसपी तेजपाल सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार निगरानी कर रहे हैं।मजदूर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सिविल डिफेंस की टीम लगातार प्रयास कर रही है, जबकि SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस मजदूर को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने पर है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं।












