उदयपुरवाटी में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा: दो मेडिकल स्टोरों पर छापे, 272 नशीले कैप्सूल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

उदयपुरवाटी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिले में अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उदयपुरवाटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मेडिकल स्टोरों पर अलग-अलग छापेमारी कर कुल 272 नशीले कैप्सूल जब्त किए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में मेडिकल स्टोर संचालकों विनोद कुमार और पिंटूराम माली को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी नवलगढ़ सुगन सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने 6 अगस्त को यह कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घूमचक्कर स्थित गुंजन मेडिकल स्टोर पर दबिश दी।तलाशी के दौरान संचालक विनोद कुमार (25) निवासी वार्ड संख्या-9, झीला वाला कुआं, उदयपुरवाटी के कब्जे से 214 नशीले कैप्सूल ( स्ट्रिप सहित ) बरामद किए गए। बरामद कैप्सूल पर एएस-सिमडेक्स , डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड एवं एसीटामिनोफेन कैप्सूल अंकित था। आरोपी के पास इन दवाओं के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं मिलने पर पुलिस ने कैप्सूल जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक अन्य कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतोष को मिली सूचना के आधार पर सीकर रोड स्थित बालाजी मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई। यहां संचालक पिंटूराम माली ( 27 ) निवासी वार्ड संख्या-11, उदयपुरवाटी के कब्जे से 58 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। कैप्सूल पर एएस-सिमडेक्स प्लस सहित प्रतिबंधित दवा का विवरण अंकित था। आवश्यक वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने दवाइयां जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध रूप से मनःप्रभावी एवं नशीली दवाओं का भंडारण एवं बिक्री करने के आरोप में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इन दवाओं की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं । कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल मीणा, उपनिरीक्षक संतोष, सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार एवं कृष्ण कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार, अमित पायल, अनिल सिंह, धर्मवीर सिंह, चालक थानेश्वर तथा जयपुर रेंज कार्यालय से रमेश यादव एवं सुनील कुमार की विशेष भूमिका रही।पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE