ढ़ाढर टोल पर डीएसटी ने हत्या की कथित साजिश नाकाम की, चार युवक हिरासत में

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार का पीछा कर पकड़ा, दो आरोपी फरार; पूछताछ में सुपारी लेकर हत्या की योजना का दावा

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने ढ़ाढर टोल नाके पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार का पीछा कर कथित हत्या की साजिश का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।डीएसटी प्रभारी किशनाराम बिश्नोई ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान राजगढ़ की ओर से आ रही एक आई-20 कार ने पुलिस को देखकर अचानक यू-टर्न लिया और तेज गति से भागने लगी। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए सहजूसर रोही क्षेत्र के खेतों में वाहन को घेर लिया। इस दौरान कार सवार युवक वाहन छोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर चार युवकों को हिरासत में ले लिया गया, जबकि राहुल राठी और गुरमीत फरार होने में सफल रहे।प्रारंभिक पूछताछ में हिरासत में लिए गए युवकों ने कथित रूप से बताया कि फरार आरोपी राहुल राठी और गुरमीत की पहचान विदेश में रहने वाले एक व्यक्ति से थी। उसके कहने पर वे दिल्ली में एक व्यक्ति से मिले, जहां उन्हें एक अन्य व्यक्ति की हत्या करने के लिए सुपारी दी गई और अग्रिम राशि भी उपलब्ध कराई गई। आरोपियों ने यह भी बताया कि तय समय पर वारदात को अंजाम नहीं दिया जा सका और बाद में उन्हें दोबारा बुलाकर लोकेशन देने की बात कही गई थी। पुलिस ने हरियाणा निवासी बीस वर्षीय अमित, 18 वर्षीय गुरमीत, बीस वर्षीय साहिल और 23 वर्षीय अमन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दो अन्य आरोपी हथियार लेकर अलग-अलग दिशा में चले गए थे।पुलिस ने सभी आरोपियों को सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश के साथ कथित साजिश के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE