सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला ने केंद्र सरकार के जवाब पर जताई निराशा, कहा— शेखावाटी के संरक्षण के लिए बने विशेष कार्ययोजना और मिले अलग वित्तीय सहायता


ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
झुंझुनूं के सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला ने लोकसभा में अतारांकित प्रश्न के माध्यम से शेखावाटी की विश्वविख्यात सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार से क्षेत्र के लिए विशेष योजना और ठोस पहल की मांग की है। सांसद ने सरकार के जवाब पर गहरी निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि शेखावाटी जैसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर की लगातार अनदेखी उचित नहीं है।सांसद ओला ने बताया कि उनके प्रश्न के उत्तर में भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि शेखावाटी क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, कला एवं धरोहरों के संरक्षण के लिए कोई अलग योजना, विशेष वित्तीय सहायता अथवा नई पहल सरकार के विचाराधीन नहीं है। उन्होंने इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक अस्मिता के प्रति गंभीर उदासीनता बताते हुए कहा कि शेखावाटी की पहचान केवल राजस्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश और दुनिया में अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक धरोहर के लिए प्रसिद्ध है।उन्होंने कहा कि शेखावाटी अपने विश्वप्रसिद्ध भित्तिचित्रों, भव्य हवेलियों, ऐतिहासिक किलों, प्राचीन मंदिरों, लोककला, लोकसंगीत और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के कारण भारत की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। इसके बावजूद क्षेत्र की विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।लोकसभा में सांसद ओला ने केंद्र सरकार से मांग की कि शेखावाटी क्षेत्र के लिए विशेष सांस्कृतिक संरक्षण योजना बनाई जाए, विरासत भवनों के संरक्षण एवं पुनर्स्थापन के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा नियमित रूप से शेखावाटी में सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किए जाएँ। उन्होंने स्थानीय कलाकारों, लोककलाओं और पारंपरिक संस्कृति को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष योजनाएँ शुरू करने तथा शेखावाटी की कला, संस्कृति और पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता भी बताई। सांसद ने कहा कि यदि समय रहते इस अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियाँ देश की इस ऐतिहासिक विरासत से वंचित हो सकती हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए शेखावाटी की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता में शामिल करने का आग्रह किया।
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
रोड पर स्टंट किया तो अब होगा मुकदमा | युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त | CI गौरव खिड़िया की चेतावनी













