80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


सीकर।राहुल टांक
पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।समारोह के मुख्य अतिथि 3 राज एनसीसी बटालियन सीकर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जगदीप सिंह लांबा रहे, जबकि अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय ने की। मुख्य समारोह से पूर्व कर्नल लांबा और कुलगुरु प्रो. राय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा एवं शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।
शहीदों के त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता : कर्नल लांबा
मुख्य अतिथि कर्नल जगदीप सिंह लांबा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि देश को मिली आजादी लाखों देशभक्तों के त्याग, बलिदान और अदम्य साहस का परिणाम है।उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनुशासन, देशप्रेम और सेवा भावना को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, संकल्प का पर्व : प्रो. राय
कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के लिए नए संकल्प लेने का पर्व है। यह अवसर विकसित भारत के लक्ष्य और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अपनी भूमिका पर विचार करने का भी है।उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा, जब युवा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति समर्पित होकर कार्य करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, संस्कार और चरित्र के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए विद्यार्थी सर्वोपरि हैं।
देशभक्ति गीतों और योग प्रदर्शन ने बांधा समां
कार्यक्रम में सीए सुभाष मिश्रा ने वंदे मातरम् और भारत का रहने वाला हूं जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों के साथ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक योग प्रदर्शन को भी उपस्थित लोगों ने सराहा।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कर्मचारियों का सम्मान
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, मंत्रालयिक कर्मचारियों, सुरक्षा प्रहरियों, बागवानों एवं स्वच्छता सेवकों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कुलसचिव श्वेता यादव ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी डॉ. महेश चंद गुप्ता ने किया।समारोह में परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह, उपकुलसचिव रामसिंह सरावग, अध्ययन प्रभारी एवं सहायक कुलसचिव (परीक्षा) डॉ. रामचरण मीणा, सहायक कुलसचिव (संपदा) कन्हैया लाल जांगिड़, आईटी उपनिदेशक पंकज मील, डॉ. रिंजू राय सहित शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।इस अवसर पर पूर्व सरपंच दिनेश आर्य, सुरेश जी, समाजसेवी महेंद्र शर्मा, पूर्व प्राचार्य बनवारी लाल नेहरा, कृषि वैज्ञानिक कानसिंह निर्वाण, डॉ. रामावतार जाट सहित कई ग्रामवासी भी मौजूद रहे।
,













