सस्ते धागे का लालच पड़ा भारी, सोशल मीडिया विज्ञापन के झांसे में आकर युवक से ऑनलाइन ठगी

चूरू कोतवाली की साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई, बैंक से समन्वय कर ठगी गई ₹4,500 की राशि कराई होल्ड, लोगों से सतर्क रहने की अपील

चूरू। अमित कुमार
सोशल मीडिया पर सस्ते दाम में धागा बेचने के विज्ञापन के झांसे में आकर चूरू शहर के वार्ड संख्या 6 निवासी एक 23 वर्षीय युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। आरोपी ने ऑनलाइन भुगतान लेने के बाद न तो सामान भेजा और न ही रकम वापस की। शिकायत मिलते ही कोतवाली थाना की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक से संपर्क कर ठगी गई राशि को होल्ड करवा दिया।कोतवाली थाना की साइबर सेल प्रभारी सुनील धायल ने बताया कि युवक ने सोशल मीडिया पर धागा बेचने का आकर्षक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपी ने युवक से 4,500 रूपये का ऑनलाइन भुगतान करवा लिया। भुगतान होते ही आरोपी ने संपर्क तोड़ दिया और न सामान भेजा, न ही पैसे लौटाए। खुद के साथ धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर युवक ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर संबंधित राशि को होल्ड करवाने की कार्रवाई की, जिससे पीड़ित को राहत मिलने की संभावना बनी हुई है।

साइबर सेल की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले अत्यधिक सस्ते और आकर्षक विज्ञापनों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति, वेबसाइट या ऑनलाइन विक्रेता को भुगतान करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की पूरी जांच करें।यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का संदेह हो या ठगी हो जाए, तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते राशि को सुरक्षित कराया जा सके।