झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार में भारत विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित 12वें योग दिवस समारोह में योग और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद झुंझुनूं इकाई के अध्यक्ष नरेन्द्र वर्मा थे। इस अवसर पर देवेश मारवाल, सीए इंद्रजीत सुंडा, सीए लोकेश कुमार एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री अरूणा सिहाग सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के सृजक एवं योग प्रशिक्षक सीए जिम्मी मोदी ने योग को सरल, रोचक और जीवनोपयोगी बनाते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाए। उन्होंने प्रेरक प्रसंगों और कहानियों के माध्यम से बच्चों को संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश भी दिया। सुबह 6:30 बजे से 8 बजे तक चले योग सत्र में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम की शुरुआत ऊँ एवं गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुई। इसके बाद योग प्रशिक्षक ने विभिन्न आसनों और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और खुशहाल बनाने की कला है। मन से प्रसन्न होकर किया गया हर कार्य योग का ही स्वरूप है, इसलिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। समारोह का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले के गीतों पर आधारित संगीतमय योगाभ्यास रहा। प्रतिभागियों ने संगीत की मधुर धुनों के साथ योग क्रियाओं का आनंद लिया। इस दौरान आशा भोंसले के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अपने कार्य के प्रति समर्पण और प्रेम का संदेश भी दिया गया। संगीत शिक्षक आत्माराम जांगिड़ ने संगीत से जुड़ी रोचक जानकारियां साझा कीं। इस अवसर पर संगीत शिक्षक आत्माराम जांगिड़ एवं अजेन्द्र का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया, जबकि योग प्रशिक्षक सीए जिम्मी मोदी को अरूणा सिहाग ने सम्मानित किया।
विद्यालय समन्वयक सीए मनीष अग्रवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास का आधार है। इससे व्यक्तित्व निखरता है, चरित्र निर्माण होता है और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। योग जीवन में संतुलन, आत्मानुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद, सीए इंस्टीट्यूट झुंझुनूं, एसएस मोदी विद्या विहार, एनसीसी एवं एसएस मोदी क्रिकेट अकादमी का सहयोग रहा। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया गया। मुम्बई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गीलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी, कनिका मोदी, अकादमिक निदेशक रॉय सी पॉल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।










