नशीली दवाओं की बिक्री की सूचना पर संयुक्त कार्रवाई, एक युवक हिरासत में; सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

सिंघाना । झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
कस्बे के बाइपास सर्किल स्थित एक मेडिकल स्टोर पर रविवार को पुलिस एवं जिला औषधि नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम ने नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने मेडिकल स्टोर की जांच के दौरान ट्रामाडोल की चार पत्तियां बरामद कीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा को बाइपास सर्किल स्थित मेडिकल स्टोर से नशीली दवाओं की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस एवं जिला औषधि नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान टीम को ट्रामाडोल की चार पत्तियां मिलीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया।कार्रवाई के बाद पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया और उससे दवाओं के संबंध में पूछताछ शुरू की। पुलिस एवं औषधि विभाग की टीम बरामद दवाओं की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दवाओं की आपूर्ति कहां से हुई और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जा रहा था। मामले में दवाओं के दस्तावेज, बिक्री एवं सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सिंघाना थाना प्रभारी सीआई सुगन सिंह ने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री और अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है। नशीली दवाओं की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों और युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज के भविष्य को प्रभावित करती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कार्रवाई के दौरान जिला औषधि नियंत्रक सरीता मीणा, लोकेश सिंह, सीआई सुगन सिंह, डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा, सुरेंद्र काजला, हरकेश मीणा और हर्ष फोगाट सहित पुलिस एवं औषधि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
CHURU प्रीमियर लीग-3 का धमाकेदार आगाज 🏏 | तनवीर खान ने किया उद्घाटन | Open Night Cricket Tournament
चूरू में ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बडी कार्रवही : कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार













