अस्पतालों में आज फायर सेफ्टी का ‘रियल टेस्ट’

जिलेभर के सरकारी-निजी अस्पतालों में मॉक ड्रिल, सायरन बजाकर होगा रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं निजी अस्पतालों में गुरुवार को व्यापक फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य आगजनी जैसी आपात स्थितियों में अस्पतालों की तैयारियों को परखना, मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का परीक्षण करना तथा उपलब्ध संसाधनों की प्रभावशीलता जांचना है। मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल परिसरों में सायरन बजाकर रेस्क्यू ऑपरेशन का डेमो दिया जाएगा। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरणों के संचालन, आपदा की स्थिति में स्टाफ की तत्परता तथा मरीजों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि वर्तमान में बढ़ती गर्मी के कारण शॉर्ट सर्किट एवं एसी ब्लास्ट जैसी घटनाओं की संभावनाएं बढ़ गई हैं। इसे देखते हुए सभी अस्पतालों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान वार्ड बॉय, नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने और आपात प्रबंधन की प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अलावा अस्पतालों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, इमरजेंसी एग्जिट और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर किया जा सके। गौरतलब है कि जिले में 4 मई से 10 मई तक फायर सेफ्टी वीक मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज” रखी गई है। अभियान के तहत आमजन में जागरूकता बढ़ाने के साथ आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड

रतननगर में 540 मरीजों का मुफ्त इलाज, 32 साल से चल रहा मिर्गी शिविर

चूरू में BJP की जीत का जश्न,  गढ़ चौराहे पर आतिशबाजी और मिठाई