केसीसी केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 के 1995 बैच की री-यूनियन मीट 22 अगस्त को, देश-विदेश से जुटेंगे सहपाठी
स्कूल की गलियों में फिर गूंजेगी दोस्तों की हंसी, साझा करेंगे जिंदगी के सफर के मीठे-कड़वे अनुभव
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
तीन दशक से अधिक समय पहले स्कूल की कक्षा में साथ बैठकर पढ़ाई करने वाले दोस्त एक बार फिर एक-दूसरे के सामने होंगे। केसीसी स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 के वर्ष 1995 में कक्षा 12वीं में अध्ययन करने वाले सहपाठियों का पुनर्मिलन समारोह (री-यूनियन मीट) 22 अगस्त, शनिवार को दिनबंधु मैरिज पैलेस में आयोजित होगा। सुबह 10 बजे होने वाले इस विशेष आयोजन को लेकर पूर्व छात्रों में खासा उत्साह है। विद्यालय के पूर्व छात्र परिवहन निरीक्षक रमेश कुमार यादव, रोहिताश खेदड़, सुरेश सैनी एवं सुनीता छिछोलिया ने बताया कि 31 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद होने वाले इस पुनर्मिलन समारोह में देश के विभिन्न शहरों और राज्यों के साथ-साथ विदेश में रह रहे पूर्व सहपाठी भी शामिल होंगे। समारोह में केरल, झांसी, जहानाबाद, दरभंगा, रांची, झारखंड, दिल्ली, जयपुर, बेंगलुरु, हैदराबाद, बिहार, मुंबई, कोटा, अजमेर, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों से सहपाठियों के पहुंचने की उम्मीद है। विदेशों में रहकर अपनी पहचान बनाने वाले सहपाठी भी इस ऐतिहासिक मिलन के साक्षी बनेंगे। री-यूनियन समारोह से पहले सभी पूर्व सहपाठी केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 का भ्रमण करेंगे। वर्षों बाद स्कूल की कक्षाओं, मैदान और परिसर में पहुंचकर वे अपने बचपन की उन यादों को फिर से ताजा करेंगे, जो समय के साथ भी उनके मन में बसी हुई हैं। पूर्व छात्रों ने बताया कि स्कूल के दिनों के बाद सभी अपने-अपने जीवन की राह पर आगे बढ़ गए। किसी ने नौकरी में मुकाम हासिल किया तो किसी ने व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में पहचान बनाई। लंबे अंतराल के बाद एक साथ मिलने पर बचपन से लेकर अब तक के जीवन के मीठे-कड़वे अनुभव एक-दूसरे से साझा किए जाएंगे।समारोह में पुराने सहपाठी अपने स्कूल जीवन के किस्से, शरारतें, यादगार पल और साथ बिताए समय को याद करेंगे। इतने लंबे अंतराल के बाद दोस्तों से मिलना सभी के लिए भावुक और सुखद अनुभूति का अवसर होगा। 31 साल बाद एक ही स्थान पर एक साथ बैठकर बचपन की यादों को ताजा करना इस री-यूनियन की सबसे खास बात होगी। पूर्व छात्रों का कहना है कि समय भले ही तीन दशक से ज्यादा गुजर गया हो, लेकिन स्कूल के दिनों में बनी दोस्ती और अपनापन आज भी कायम है। इसी रिश्ते को फिर से महसूस करने और पुरानी यादों को नई पीढ़ी के लिए संजोने के उद्देश्य से यह पुनर्मिलन आयोजित किया जा रहा है। री-यूनियन समारोह को यादगार बनाने के लिए पूर्व छात्र रमेश कुमार यादव एवं रोहिताश खेदड़ सहित अन्य सहपाठी तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व छात्रों द्वारा लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि 1995 बैच का यह मिलन समारोह लंबे समय तक सभी के लिए यादगार बना रहे। 31 साल बाद होने वाला यह मिलन सिर्फ दोस्तों की मुलाकात नहीं, बल्कि स्कूल के सुनहरे दिनों में लौटने, पुरानी दोस्ती को फिर से महसूस करने और जिंदगी के सफर की यादों को साझा करने का अनूठा अवसर होगा।
CHURU प्रीमियर लीग-3 का धमाकेदार आगाज 🏏 | तनवीर खान ने किया उद्घाटन | Open Night Cricket Tournament
चूरू में ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बडी कार्रवही : कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार











