Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं ‘डॉक्टर बनकर समाज के हर वर्ग की सेवा करें’ : डॉ. अरूण...

‘डॉक्टर बनकर समाज के हर वर्ग की सेवा करें’ : डॉ. अरूण गर्ग

नीट यूजी-2026 में चयनित झुंझुनूं के 23 अल्पसंख्यक होनहारों का जिला स्तरीय सम्मान, मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र व शॉल ओढ़ाकर किया अभिनंदन; कलेक्टर बोले—अपनी सफलता से दूसरे विद्यार्थियों को भी करें प्रेरित

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
नीट यूजी-2026 की कटऑफ में चयनित झुंझुनूं जिले के 23 अल्पसंख्यक प्रतिभावान विद्यार्थियों का जिला स्तरीय सम्मान समारोह रविवार को मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट के सौजन्य से थ्री डॉट्स चिल्ड्रन एकेडमी में आयोजित किया गया। समारोह में भविष्य के इन डॉक्टरों को मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों में भी उत्साह और गर्व का माहौल रहा। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने नीट में चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे डॉक्टर बनने के बाद समाज के हर वर्ग की भावना को समझते हुए निस्वार्थ भाव से सेवा करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है और भविष्य के डॉक्टरों को अपनी सफलता का लाभ समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए। डॉ. गर्ग ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी मेहनत से प्राप्त सफलता को केवल अपने तक सीमित नहीं रखें, बल्कि समाज के दूसरे विद्यार्थियों को भी मन लगाकर पढ़ने, लक्ष्य निर्धारित करने और सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित करें। इससे समाज के हर वर्ग का सर्वांगीण विकास होगा। जिला कलेक्टर ने कहा कि मुस्लिम समाज सहित सभी समाजों में बालिकाएं शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं, जो बेहद खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता समाज में सकारात्मक बदलाव और जागरूकता का प्रतीक है। समारोह की अध्यक्षता शहर काजी शफीउल्लाह सिद्दीकी ने की। उन्होंने मुस्लिम समाज में बेटियों की बढ़ती उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सम्मानित होने वाले भविष्य के डॉक्टरों में बड़ी संख्या में बेटियों का शामिल होना गौरव की बात है। बेटियां दो घरों को संवारने के साथ समाज को भी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समारोह के विशिष्ट अतिथि दरगाह हजरत कमरुद्दीन शाह के गद्दीनशीन एजाज नबी शाह रहे। कार्यक्रम को हाजी बरकत गहलोत एवं शफी नागौरी ने भी संबोधित किया। उन्होंने नीट में चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टर बनने के बाद वे निस्वार्थ भावना से समाज एवं मानवता की सेवा को प्राथमिकता दें। इससे पूर्व मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट के अध्यक्ष इब्राहिम खान ने फ्रंट की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों एवं जनसेवा की गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट की ओर से जिला कलेक्टर को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में मास्टर युनुस भाटी, इकबाल जाजोदिया, हाजी तहसीन अली, हाजी तैयब अली, उमर कुरैशी, शाकिर खोखर, इम्तियाज तगाला, कर्मा खान, नईम सिद्दीकी, युनुस रंगरेज, एडवोकेट जहीर फारूकी, इरशाद फारूकी, रूस्तम मिर्जा, आरिफ खान, आरिफ भारू, हाजी इकबाल राहड़, सुहेल खान, मकबूल चेजारा, डॉ. इरफान चौहान, सुल्तान खान एवं तनवीर खान सहित मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट के कार्यकर्ता, गणमान्यजन एवं सम्मानित विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मास्टर उमर फारूक ने किया। अंत में फ्रंट के अध्यक्ष इब्राहिम खान ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

CHURU प्रीमियर लीग-3 का धमाकेदार आगाज 🏏 | तनवीर खान ने किया उद्घाटन | Open Night Cricket Tournament

चूरू में ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बडी कार्रवही : कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 

Advertisement