Advertisement
Home राजस्थान चूरू ननिहाल आए युवक ने धारदार हथियार से काटा गला, हालत गंभीर

ननिहाल आए युवक ने धारदार हथियार से काटा गला, हालत गंभीर

डीबी अस्पताल में दो घंटे चला ऑपरेशन, 48 घंटे तक स्थिति पर रहेगी नजर

चूरू। जिले के रामगढ़ क्षेत्र में ननिहाल आए एक युवक द्वारा धारदार हथियार से अपना गला काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले रामगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे चूरू के राजकीय डीबी अस्पताल रेफर किया गया।फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे मेडिसिन आईसीयू में भर्ती किया गया है।जानकारी के अनुसार नवलगढ़ के कल्याणपुरा निवासी 35 वर्षीय प्रकाश भोपा (नायक) अपनी मां, पत्नी और बच्चों के साथ गुरुवार को रामगढ़ के रसूलपुरा स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। शुक्रवार सुबह वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला और गांव के समीप स्थित जोहड़ में पहुंचकर धारदार हथियार से अपने गले पर वार कर लिया।

खेत मालिक ने दी सूचना

घटना की जानकारी जोहड़ के पास स्थित खेत के मालिक ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल प्रकाश को तत्काल रामगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया।

डीबी अस्पताल में तत्काल किया गया ऑपरेशन

डीबी अस्पताल पहुंचने पर इमरजेंसी वार्ड में मौजूद चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने युवक का उपचार शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. एम.एम. पुकार स्वयं इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। प्रारंभिक जांच में युवक के गले की नस कटने की पुष्टि हुई। इसके बाद डॉ. पुकार ने उसे अन्यत्र रेफर करने के बजाय डीबी अस्पताल में ही तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।

दो घंटे तक चला ऑपरेशन

डॉ. एम.एम. पुकार एवं ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. विकास देवड़ा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने करीब दो घंटे तक ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद युवक को मेडिसिन आईसीयू (MICU) में शिफ्ट कर दिया गया। डॉ. पुकार ने बताया कि घायल युवक की गर्दन की महत्वपूर्ण नस कट गई थी। समय रहते ऑपरेशन किए जाने से उसकी जान बचाने का प्रयास किया गया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और अगले 48 घंटे तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद ही उसकी स्थिति के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

चिकित्सकों की टीम ने बचाई जान

ऑपरेशन में डॉ. एम.एम. पुकार, डॉ. विकास देवड़ा, एनेस्थेटिस्ट डॉ. संगीता, डॉ. विनय जानू, नर्सिंग ऑफिसर राहुल शर्मा एवं देवीदान चारण सहित अन्य चिकित्सा कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।घटना की सूचना अस्पताल चौकी पुलिस को भी दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Advertisement