जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर, जिले में 12 हजार से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन
चूरू। जिला परिषद सभागार में बुधवार को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत मीडिया राउंड टेबल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा और मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्वेता कोचर ने अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित जल संरक्षण गतिविधियों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की।कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। जिले में पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, तालाबों की सफाई, जोहड़ों के पुनर्जीवन तथा जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मीडिया जनजागरूकता का एक सशक्त माध्यम है और इसके जरिए जल संरक्षण का संदेश समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।जिला कलेक्टर ने बताया कि “कर्मभूमि से मातृभूमि” अभियान के तहत प्रवासी नागरिकों, भामाशाहों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जल स्रोतों के जीर्णोद्धार और संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से अब तक 12 हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 1.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी निभाई है।कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए। इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी सूर्यकांत कुमावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










