वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत बूंटिया में कार्यक्रम आयोजित, विधायक व अधिकारियों ने दिया संरक्षण का संदेश
चूरू। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित वंदे गंगा रू जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत शनिवार को चूरू जिले के बूंटिया गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में जल पूजन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चूरू विधायक हरलाल सहारण, उपखंड अधिकारी धीरज झाझड़िया, अभिषेक चोटिया सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। इस अवसर पर विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीणों से वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल केवल एक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य में जल संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बन गई है। जनभागीदारी से ही प्रदेश सरकार के जल संरक्षण संबंधी प्रयास सफल हो सकेंगे और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य मिल पाएगा। उपखंड अधिकारी धीरज झाझड़िया ने कहा कि राज्य सरकार का वंदे गंगा अभियान जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण की संस्कृति को सशक्त बनाने का प्रयास है। उन्होंने ग्रामीणों को जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की प्रेरणा दी। अभिषेक चोटिया ने जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आमजन से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मंदिर से विद्यालय परिसर तक कलश यात्रा निकालकर मंगलाचार गाए तथा जल के सांस्कृतिक महत्व के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसके पश्चात अतिथियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से जल पूजन एवं पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा जल स्रोतों के संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. निरंजन चिरानिया, सुनील ढाका, विजय कस्वां, चंद्रकला, मनोज मीणा, लालचंद, दलीप, संजय, मनीराम, नौरतमल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।













