चुग्गाघर, परिंडे, चारदीवारी व इंटरलॉक सड़क का शुभारंभ,रामसरा में स्व. सत्यपाल सिंह बेरवाल की स्मृति में जनहित कार्यों का लोकार्पण
चूरू। निकटवर्ती रामसरा गांव में समाजसेवी स्वर्गीय सत्यपाल सिंह बेरवाल की पुण्यस्मृति में सोमवार को सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर पक्षियों के लिए निर्मित चुग्गाघर, परिंडे, चारदीवारी तथा इंटरलॉक सड़क का अतिथियों द्वारा फीता काटकर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि समाज में इस प्रकार के सेवा कार्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मानव सेवा के साथ पशु-पक्षियों की सेवा को भी विशेष महत्व दिया गया है। गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए परिंडे और चुग्गाघर बनाना पुण्य का कार्य है, जिससे जीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है।विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ी सेवा है तथा प्रत्येक व्यक्ति को जनहित से जुड़े कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांवों में सामाजिक सहयोग से होने वाले विकास कार्य ग्रामीण एकता और जागरूकता के प्रतीक हैं।इस अवसर पर उप जिला एवं सेशन न्यायाधीश विनोद कुमार बागड़ी, पूर्व जिला प्रमुख वंदना आर्य, वासुदेव चावला, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनीता बेरवाल, गुमानीराम प्रजापत, पदम सिंह राठौड़ तथा चन्द्राराम गुरी सहित अन्य वक्ताओं ने स्वर्गीय सत्यपाल सिंह बेरवाल के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के आयोजक किशन रामसरा ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार की ओर से आगे भी समाजसेवा और जनहित के कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।इस दौरान कमल रामसरा, तन्मय सिंह बेरवाल, पूर्व सरपंच तीजा देवी भाम्बू, पूर्व सरपंच लक्ष्मी देवी प्रजापत, जुगलकिशोर शर्मा, हनुमान सिंह चौहान, भगवानाराम मेघवाल, बबीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डिपल शर्मा ने किया।
















