Advertisement
Home राजस्थान चूरू देवेंद्र झाझड़िया पांच दिवसीय रूस दौरे पर, पैरा खेलों को लेकर होगी...

देवेंद्र झाझड़िया पांच दिवसीय रूस दौरे पर, पैरा खेलों को लेकर होगी अहम चर्चा

रशियन पैरालंपिक कमेटी के विशेष निमंत्रण पर मॉस्को जाएंगे PCI अध्यक्ष, ट्रेनिंग और कोच डेवलपमेंट पर बनेगी रणनीति

चूरू। Devendra Jhajharia 20 मई से 24 मई तक रूस के मॉस्को शहर के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगे। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) के अध्यक्ष झाझड़िया रशियन पैरालंपिक कमेटी के अध्यक्ष Pavel Rozhkov के विशेष निमंत्रण पर अतिथि के रूप में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।देवेंद्र झाझड़िया ने इस दौरे को भारत और भारतीय पैरा स्पोर्ट्स के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि पहली बार भारत और रूस के बीच पैरा खेलों को लेकर इतने बड़े स्तर पर विस्तृत चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि इस बैठक में भारतीय पैरा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक ट्रेनिंग सुविधाएं, वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध करवाने को लेकर मंथन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि बैठक का मुख्य फोकस एथलीट ट्रेनिंग प्लान और कोच डेवलपमेंट प्रोग्राम पर रहेगा। रूस के अनुभव और तकनीकी सहयोग से भारत में पैरा स्पोर्ट्स कोचिंग सिस्टम को और अधिक मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।झाझड़िया ने कहा कि भारत ने वर्ष 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी का दावा पेश किया है। ऐसे में इस दौरे के दौरान वे रूस से भारत के समर्थन की अपील भी करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत विश्वस्तरीय खेल आयोजन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने में पूरी तरह सक्षम है।उन्होंने कहा कि यह दौरा केवल खेल सहयोग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भारत और रूस के बीच खेल कूटनीति और आपसी संबंधों को भी नई मजबूती देगा। झाझड़िया ने उम्मीद जताई कि दोनों देश मिलकर दिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स के क्षेत्र में बेहतर कार्य करेंगे, जिससे भारतीय खिलाड़ियों को सीधा लाभ मिलेगा और आगामी Los Angeles Paralympics में भारत का प्रदर्शन और पदक तालिका में स्थिति और मजबूत होगी।

Advertisement