महंगाई रोकने में भाजपा सरकार फेल : रफीक मंडेलिया

पांच दिन में दूसरी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने पर कांग्रेस का हमला, जनसुनवाई में उठीं पानी-बिजली और चिकित्सा की समस्याएं

चूरू। जिला मुख्यालय स्थित चूरू शहर एवं देहात ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय मंडेलिया हाउस में मंगलवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया ने जनसुनवाई की। इस दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पानी, बिजली, सड़क, चिकित्सा सहित विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।जनसुनवाई के दौरान मंडेलिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। वहीं भरतिया अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्र से लगातार शिकायतें मिलने पर उन्होंने जल्द ही अस्पताल की अव्यवस्थाओं के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी।मीडिया से बातचीत में रफीक मंडेलिया ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि पांच दिन में दूसरी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर आमजन की जेब पर सीधा बोझ डाला गया है।मंडेलिया ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश की आर्थिक स्थिति को लेकर आगाह कर चुके थे और अब उसके परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान आर्थिक हालात का सबसे ज्यादा असर युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा।उन्होंने केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-यूडीएफ की जीत और हिमाचल प्रदेश के स्थानीय चुनावों में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आने वाला समय कांग्रेस के पक्ष में होगा। इस अवसर पर पीसीसी सचिव रियाजत खान, शहर ब्लॉक अध्यक्ष असलम खोखर, देहात ब्लॉक अध्यक्ष किशोर धान्धू, पूर्व सभापति गोविंद महनसरिया, मोहम्मद हुसैन निर्बाण, एडवोकेट रामेश्वर प्रजापति, जमील चौहान, नारायण बालाण, अबरार खान, सोहनलाल मेघवाल, हेमंत सिहाग, योगेश ढाका सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।