जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में राजस्व कार्यों पर की चर्चा, दिए निर्देश
चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में विभिन्न राजस्व प्रकरणों एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि राजस्व अधिकारी नियमित रूप से कोर्ट में समय देते हुए परिवादों का समुचित निस्तारण करें। कोर्ट प्रकरणों में टास्क निर्धारित कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसी के साथ अधिकारी राजस्व प्रकरणों में प्राथमिकता तय करें व समयबद्ध निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि लंबित राजस्व प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। प्रत्येक राजस्व अधिकारी अपने क्षेत्र के प्रकरणों की नियमित मॉनीटरिंग करें तथा लंबित मामलों में समयसीमा निर्धारित कर निस्तारण करें। न्यायालय में विचाराधीन प्रकरणों, सीमाज्ञान, नामांतरण, कनवर्जन, पत्थरगढ़ी के प्रकरणों का एनालिसिस कर पेंडेंसी समाप्त करें।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त परिवादों का यथाशीघ्र निस्तारण करें। उन्होंने राजस्व अर्जन को लेकर जिले में आवंटित लक्ष्यों को लेकर सभी राजस्व अधिकारियों को अपेक्षित लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।जिला कलक्टर ने बैठक में प्राथमिक डिक्री, कुर्रेजात, सीमाज्ञान, पत्थरगढ़ी, न्यायालय शाखा के प्रकरणों, रास्ते के प्रकरणों, अतिक्रमण, भू – रूपांतरण, ट्रांसमिशन लाइनों के आरओडब्ल्यू प्रकरण, फार्मर रजिस्ट्री, भूमि अधिग्रहण, बकाया राजस्व वसूली, भूमि आवंटन, ई-फाइल, राजस्व न्यायालय शाखा, राजकीय प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन के लंबित प्रकरण, मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त प्रकरणों, पंजीयन में निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति सहित राजस्व से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर अधिकारियों को समुचित निर्देश दिए।एडीएम अर्पिता सोनी ने बैठक कार्यवाही का संचालन करते हुए दिशा- निर्देशों की समुचित पालना करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त परिवादों, आरओडब्ल्यू प्रकरणों की चर्चा की। इस दौरान चूरू तहसीलदार अशोक गोरा, नायब तहयीलदार महेन्द्र गहलोत सहित राजस्व कार्मिक मौजूद रहे तथा वीसी के जरिए सभी उपखंडों से उपखंड स्तरीय राजस्व अधिकारी जुड़े रहे।












