झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पुलिस थाना कोतवाली ने बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का मात्र 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा माल बरामद करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।।पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत एवं वृत्ताधिकारी शहर गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार परिवादी संदीप कुमार पुत्र फुलाराम कुमावत निवासी रायपुर जाटान हाला वार्ड नं. 55, हमीरी रोड मोड़ा पहाड़ सहरिया कॉलोनी, झुंझुनूं ने 17 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित निजी कार्य से गांव गए हुए थे। अगले दिन सुबह करीब 9:15 बजे लौटने पर मकान के दो कमरों के ताले टूटे मिले तथा मुख्य गेट की टाइल्स भी टूटी हुई थीं। घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से सोने की दो चूड़ियां, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी की पाजेब, बच्चों की गुल्लक तथा करीब 55 हजार रुपये नकद चोरी होना पाया गया। मामले में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई। वारदात के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित कर आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय बदमाशों पर नजर रखी गई तथा पूर्व की चोरी की घटनाओं का विश्लेषण किया गया। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने फारूख अली पुत्र नथू खान निवासी वार्ड नं. 55, मंड्रेला रोड तथा विजेन्द्र उर्फ मोटिया पुत्र कालूराम निवासी सहरिया कॉलोनी, झुंझुनूं को दस्तयाब कर पूछताछ की। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा जेवरात एवं नकदी बरामद कर ली है। मामले में आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है तथा अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी श्रवण कुमार के साथ मनेष कुमार, संदीप पूनियां, प्रवीण कुमार, योगेन्द्र सिंह, बलराम एवं संदीप की टीम शामिल रही। पुलिस अधीक्षक ने विशेष योगदान के लिए कांस्टेबल संदीप पूनियां एवं प्रवीण कुमार की सराहना की है।










