झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र की पातूसरी पंचायत में राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से एलईडी मोबाइल वैन अभियान के तहत रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एलईडी वैन के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। रात्रि चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। इससे ग्रामीणों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी कौशल्या बिश्नोई, तहसीलदार महेंद्र मूंड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी तरह, उदावास पंचायत में ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। झुंझुनूं विधायक राजेन्द्र भाम्बू की अध्यक्षता में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस अवसर पर विधायक भाम्बू ने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी कौशल्या बिश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













