पहाड़ीला टोल प्लाजा के पास जानलेवा हमला: दो माह से फरार दो आरोपी गिरफ्तार

बोलेरो को टक्कर मारकर लोहे की पाइपों से किया था हमला, पहले ही दो बाल अपचारी किए जा चुके हैं निरुद्ध

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पुलिस थाना गोठड़ा ने पहाड़ीला टोल प्लाजा के पास बोलेरो गाड़ी पर जानलेवा हमला कर तोड़फोड़ करने के बहुचर्चित मामले में करीब दो माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में पूर्व में विधि से संघर्षरत दो बालकों को भी निरुद्ध किया जा चुका है। पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत आरपीएस के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी नवलगढ़ महावीर सिंह आरपीएस के सुपरविजन में थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बबलू उर्फ डाकू एवं कृष्ण कुमार को गिरफ्तार किया।

रूपए की रंजिश में किया हमला

थानाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि परिवादी दिनेश निवासी हर्ष जिला सीकर ने 29 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह 28 मार्च की शाम को अपनी बोलेरो गाड़ी से अपने रिश्तेदार अनिल निवासी छापोली से मिलने जा रहा था। उसके साथ राधेश्याम, डेडराज एवं बुलेश भी मौजूद थे। रास्ते में रघुनाथगढ़ के पास एक सफेद रंग की थार गाड़ी ने उनकी बोलेरो को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। इसके बाद रामपुरा गांव के पास सामने से आई बिना नंबर की कैंपर गाड़ी ने टक्कर मारने की कोशिश की। चिराना रोड पर कैंपर गाड़ी ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो अनियंत्रित हो गई। परिवादी के अनुसार, जब उन्होंने नांगल टोल टैक्स के पास गाड़ी रोकी तो थार और कैंपर में सवार चेतन निवासी लोहार्गल, कृष्ण निवासी फगेड़िया की ढाणी रामपुरा तथा अन्य लोगों ने लोहे की पाइपों से हमला कर बोलेरो में तोड़फोड़ की। आरोप है कि कैंपर चालक बलराम उर्फ बबलू ने गाड़ी से टक्कर मारकर बोलेरो को क्षतिग्रस्त किया, जबकि शुभम और कृष्ण ने नीचे उतरकर जान से मारने की नीयत से हमला किया। रिपोर्ट में रुपए की लेनदेन को लेकर पुरानी रंजिश का भी उल्लेख किया गया I

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की पहचान की। मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर 18 मई 2026 को वांछित आरोपी बबलू उर्फ डाकू एवं कृष्ण कुमार को ग्राम रामपुरा से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है तथा मामले में अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में धर्मेन्द्र कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, थाना गोठड़ा , दारासिंह, सहायक उप निरीक्षक , मुकेश कुमार, कांस्टेबल , रोहिताश, कांस्टेबल , महेन्द्र, कांस्टेबल , प्रवीण, कांस्टेबल (विशेष भूमिका) , महेश, कांस्टेबल (विशेष भूमिका) , मुकेश, कांस्टेबल शामिल रहें I पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।