गांधी चौक अतिक्रमण मुक्त: अब मिलेगी व्यवस्थित पार्किंग, जाम से राहत, प्रशासन की कार्रवाई से बाजार की सड़कें हुईं चौड़ी, व्यापारियों और आमजन ने ली राहत की सांस
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख बाजार क्षेत्र गांधी चौक में लंबे समय से बनी हुई जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिला प्रशासन, पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त कार्रवाई के तहत गांधी चौक से अस्थाई अतिक्रमण हटाकर क्षेत्र को पार्किंग सुविधा के लिए व्यवस्थित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद गांधी चौक और नेहरू मार्केट क्षेत्र की सड़कें पहले की तुलना में अधिक चौड़ी, साफ और सुगम नजर आने लगी हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस और नगर परिषद की टीमों ने गांधी चौक पर अवैध रूप से संचालित टैक्सी स्टैंड, रेहड़ी-ठेला संचालकों एवं सड़क घेरकर खड़े अस्थाई अतिक्रमणों को हटाकर निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। ट्रैफिक इंचार्ज राधेश्याम सांखला ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना तथा व्यापारियों एवं बाहर से आने वाले ग्राहकों को बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से गांधी चौक में सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आमजन और व्यापारियों दोनों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। गांधी चौक और नेहरू मार्केट के व्यापारियों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से ग्राहक अपनी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर देते थे, जिससे पूरे दिन यातायात बाधित रहता था। इस समस्या को लेकर कई बार जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से भी मांग की गई थी। स्थानीय व्यापारियों और प्रबुद्ध नागरिकों की लगातार मांग के बाद प्रशासन ने आखिरकार सख्त कार्रवाई करते हुए गांधी चौक को अतिक्रमण मुक्त कराया और अब यहां व्यवस्थित पार्किंग की तैयारी शुरू कर दी गई है। जैसे ही प्रशासनिक टीम गांधी चौक पहुंची, अवैध रूप से सड़क घेरकर खड़े रेहड़ी और ठेला संचालकों में हड़कंप मच गया। कई संचालकों ने कार्रवाई से पहले ही अपने ठेले हटाने शुरू कर दिए। पुलिस और नगर परिषद की टीम ने मौके पर समझाइश के साथ अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की। ट्रैफिक इंचार्ज राधेश्याम सांखला ने कहा कि आमजन की सुविधा और बाजार की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर अवैध कब्जा और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद बाजार क्षेत्र में आवागमन पहले से अधिक आसान हो गया है। व्यापारियों को उम्मीद है कि पार्किंग सुविधा बेहतर होने से बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। वहीं आमजन ने भी जाम से राहत मिलने पर प्रशासन की पहल की सराहना की है।










