गुजरात की पार्टी को “सोना दिलाने” का झांसा देकर 7 लाख की ठगी, फरार आरोपी मोहित उर्फ लाला गिरफ्तार

चिड़ावा।झुंझुनू । अजीत जांगिड़
गुजरात की पार्टी को सस्ता सोना दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना चिड़ावा की टीम ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मोहित उर्फ लाला को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर परिवादी को झांसे में लेकर करीब सात लाख रुपये हड़पने तथा धमकाकर अतिरिक्त राशि ट्रांसफर करवाने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन एवं वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थाना अधिकारी अम्बिका चौधरी व उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गुजरात निवासी परिवादी मेहुल भाई कातरिया ने 9 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सोना बेचने के विज्ञापन के जरिए उसकी पहचान किशोरपुरा निवासी हिस्ट्रीशीटर रजनीश से हुई। आरोपी ने गिरवी रखे गए 60 ग्राम सोने को छुड़वाकर बेचने का झांसा देकर करीब 7 लाख रुपये में सौदा तय किया और परिवादी को चिड़ावा बुलाया। बताया गया कि आरोपियों ने गोल्ड लोन के नाम पर 6 लाख 59 हजार रुपये अपने खाते में आरटीजीएस करवाए और बाद में परिवादी को एक खंडरनुमा मकान में ले जाकर बंधक बना लिया। वहां उससे मोबाइल छीनकर डराया-धमकाया गया तथा जबरन फोन-पे के माध्यम से 37 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद आरोपी परिवादी को बिना नंबर की बोलेरो कैंपर में बैठाकर हाईवे स्थित टोल बूथ के पास छोड़कर फरार हो गए। प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी रजनीश तथा नितिश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मंगलवार को चिड़ावा कस्बे से आरोपी मोहित उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए सीकर, जयपुर और अजमेर सहित विभिन्न स्थानों पर घूमता रहा तथा ट्रेनों में सफर कर छिपता रहा। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।गिरफ्तार आरोपी में मोहित उर्फ लाला तथा पूर्व में गिरफ्तार आरोपी रजनीश , नितिश कुमार है Iपुलिस टीम में थानाधिकारी अम्बिका चौधरी, उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र, सहायक उपनिरीक्षक किशन सिंह, कांस्टेबल अंकित कुमार तथा आसूचना अधिकारी अमित सिहाग शामिल रहे।