जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग बोले— “सटीक आंकड़े ही बनेंगे विकास योजनाओं की मजबूत नींव”, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

झुंझुनूं। जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण’ को लेकर झुंझुनूं नगर परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को नगर परिषद परिसर में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में दो बैचों में करीब 80 प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को जनगणना कार्य का गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है और इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि भविष्य की योजनाओं को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रगणक को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ सही आंकड़ों का संकलन करना होगा। डॉ. गर्ग ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े ही सरकार की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतियों के निर्धारण का आधार बनते हैं। इसलिए यह कार्य अत्यंत संवेदनशील और जिम्मेदारीपूर्ण है।

 

“लापरवाही बर्दाश्त नहीं” — अधिकारियों की दो टूक चेतावनी – चार्ज जनगणना अधिकारी देवीलाल बोचल्या ने भी प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम के तहत लापरवाही या अनुपस्थिति पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। अतिरिक्त चार्ज अधिकारी नेहा चौधरी ने भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जो प्रगणक या सुपरवाइजर प्रशिक्षण अथवा कार्य के दौरान अनुपस्थित पाया जाएगा, उसके खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जिला परियोजना अधिकारी अरूण जाखड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण अभियान 1 मई से 12 मई 2026 तक चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को मकान सूचीकरण, आंकड़ा संकलन, फॉर्म भरने की प्रक्रिया तथा फील्ड सर्वे की बारीकियों की जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण शिविर में फील्ड ट्रेनर उम्मेद सिंह महला, शशिकांत, प्रमेन्द्र कुल्हर एवं गजेन्द्र सिंह ने प्रगणकों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ संपन्न हो।