नवलगढ़ अस्पताल इंजेक्शन चोरी कांड में बड़ा खुलासा

323 ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन गायब होने के मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार, जयपुर के निजी अस्पताल में कार्यरत डायलिसिस कर्मी दीपेन्द्र सैनी दबोचा, पुलिस बोली- जल्द होंगे और खुलासे

नवलगढ़। झुन्झुनू । अजीत जांगिड़

नवलगढ़ के राजकीय जिला चिकित्सालय से महंगे ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन चोरी होने के बहुचर्चित मामले में नवलगढ़ थाना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी दीपेन्द्र सैनी को दबोचकर मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी महावीर सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दीपेन्द्र सैनी पुत्र नागरमल माली निवासी कांवट, जिला सीकर हाल डायलिसिस कर्मी मोनिका अस्पताल झोटवाड़ा जयपुर है। आरोपी को 30 अप्रैल को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।

वार्ड की अलमारी से गायब मिले 323 इंजेक्शन

मामले की शुरूआत 5 अप्रैल 2026 को हुई, जब राजकीय जिला चिकित्सालय नवलगढ़ के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी महेन्द्र सबलानिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि 2 अप्रैल की सुबह मेल वार्ड में ड्यूटी कर रहे नर्सिंग स्टाफ ने दवाइयों की अलमारी से ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन कम पाए जाने की सूचना दी। इसी दौरान वार्ड में मौजूद एक संदिग्ध युवती की तलाशी लेने पर उसके बैग से 8 इंजेक्शन बरामद हुए। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की। जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अस्पताल से कुल 323 ह्यूमन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन गायब हैं। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि मामले में इससे पहले दिपाली कुमावत निवासी नवलगढ़, देवेन्द्र सिंह निवासी खाखोली सीकर तथा विकास निवासी बबाई हाल मुरलीपुरा जयपुर को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब दीपेन्द्र सैनी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी अजय सिंह, उपनिरीक्षक संतोष, कांस्टेबल बाबूलाल, संतोष, मुकेश और नरेन्द्र की विशेष भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।