मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में मां सरस्वती मंदिर का लोकार्पण,

 शिक्षा में संस्कारों के बीजारोपण का दिया संदेश

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं समग्र शिक्षा कार्यालय झुंझुनूं परिसर में शुक्रवार को मां सरस्वती मंदिर एवं मूर्ति अनावरण समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। ज्योति किरण एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट, वापी (गुजरात) तथा श्री ज्योति विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बगड़ के सौजन्य से निर्मित मंदिर का लोकार्पण मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में भामाशाह सीए जितेंद्र वर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि ज्योति विद्यापीठ बगड़ के प्रबंधक चिरंजीलाल सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा राजेश मील एवं डाइट प्राचार्या सुनीता झाझड़िया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षा विभाग के सबसे बड़े कार्यालय में मां सरस्वती मंदिर की स्थापना शिक्षा के साथ संस्कारों के समन्वय का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान विद्या की देवी की आराधना से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों का बीजारोपण होगा। कार्यक्रम में भामाशाह एवं ट्रस्ट प्रतिनिधियों का अभिनंदन भी किया गया। डाइट प्राचार्या सुनीता झाझड़िया ने स्वागत भाषण देते हुए भामाशाहों के योगदान की सराहना की। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी राजेश मील ने कहा कि समाज में भामाशाहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उनके सहयोग से शिक्षा विभाग में नवाचार एवं विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। समारोह में सहायक निदेशक शिक्षा अशोक जांगिड़, सीओ स्काउट महेश कालावत, जिला साक्षरता अधिकारी योगेंद्र सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक भगत सिंह, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुनीता यादव सहित शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी, शिक्षाविद, डाइट व्याख्याता, स्काउट-गाइड्स एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पवन पारस ने किया।